मां दुर्गा के दरबार में पहुंचे सियासी चेहरे, पीरटांड़ के पूजा पंडालों में उमड़ी श्रद्धा

मां दुर्गा के दरबार में पहुंचे सियासी चेहरे, पीरटांड़ के पूजा पंडालों में उमड़ी श्रद्धा

डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : पीरटांड़ प्रखंड में दुर्गापूजा को लेकर उत्साह चरम पर है। आकर्षक पूजा पंडालों और मां दुर्गा की भव्य प्रतिमाओं के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। शनिवार को पूजा पंडालों में आस्था के साथ सियासी रंग भी देखने को मिला। झामुमो नेत्री श्वेता शर्मा, डुमरी विधायक जयराम महतो और प्रो. विनीता कुमारी अलग-अलग टीमों के साथ विभिन्न पूजा पंडालों में पहुंचे। सभी ने मां दुर्गा के समक्ष माथा टेककर क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

पीरटांड़ प्रखंड के पालगंज, मधुबन, चिरकी, खुखरा, हरलाडीह, विशुनपुर और कुड़को में दुर्गापूजा धूमधाम से मनाई जा रही है। पूजा समितियों की ओर से आकर्षक पंडालों और प्रतिमाओं का निर्माण कराया गया है। शाम होते ही पंडालों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ रही है। मां के दर्शन के लिए आम लोगों के साथ राजनीतिक दलों के नेता और उनके समर्थक भी पहुंच रहे हैं।

**पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था पर पुलिस की नजर**

दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी सक्रिय है। शनिवार को पीरटांड़ थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह, खुखरा थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार सिंह और हरलाडीह ओपी प्रभारी नीरज कुमार ने विभिन्न पूजा पंडालों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान एसडीपीओ आबिद खान भी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने पूजा स्थलों पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में मां दुर्गा की आराधना कर सकें।

दुर्गापूजा को लेकर पूरे प्रखंड में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। पूजा पंडालों में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top