पानी, सड़क, सफाई और रोशनी पर घिरे उपमहापौर, वार्ड पार्षद संजीव कुमार ने पूछे तीखे सवाल
वार्ड-06 की समस्याओं पर बयानबाजी के बजाय जनता को दे जवाब, नगर निगम की कार्यशैली पर उठाए सवाल
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह नगर निगम में वार्ड संख्या 06 की समस्याओं को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। उपमहापौर के बयान पर पलटवार करते हुए वार्ड पार्षद संजीव कुमार ने कहा कि धमकी-चमकी और जनसमस्याओं का राजनीतिकरण उपमहापौर जैसे संवैधानिक पद को शोभा नहीं देता। उन्होंने उपमहापौर को वार्ड में साथ चलकर समस्याओं का जायजा लेने की चुनौती देते हुए कहा कि वे बताएं कि उन्होंने किसके साथ पक्षपात किया है।
संजीव कुमार ने कहा कि नगर निगम बोर्ड के गठन के बाद से ही वह लगातार जनसमस्याओं को उठाते रहे हैं। बोर्ड की अब तक हुई तीन बैठकों में उन्होंने पत्र के माध्यम से विभिन्न समस्याओं को लिखित रूप में रखा है, जिन्हें कार्यवाही में भी दर्ज किया गया है। ऐसे में अनर्गल बयानबाजी कर जिम्मेदारियों से बचा नहीं जा सकता। जनप्रतिनिधियों को जनता के सवालों का जवाब देना ही होगा।
**पानी से लेकर सड़क तक, कब दूर होंगी समस्याएं?**
वार्ड पार्षद ने नगर निगम क्षेत्र में पानी की समस्या के समाधान को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वार्ड संख्या 06 के आनंद नगर में पेड़ गिरने से सड़क अवरुद्ध है। वन विभाग से अनापत्ति प्रमाणपत्र मिलने के दो महीने बाद भी पेड़ नहीं हटाया गया है। वहीं, लखारी तालाब रोड का टेंडर होने के तीन महीने बाद भी प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर उन्होंने जवाबदेही तय करने की मांग की।
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि बिना वर्क एग्रीमेंट के कार्यों का शिलान्यास किसके आदेश पर और किन नियमों के तहत किया गया। संजीव कुमार के अनुसार, इन मामलों में नगर निगम को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
**स्ट्रीट लाइट और सफाई व्यवस्था पर भी उठाए सवाल**
संजीव कुमार ने वार्ड में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि कई लाइटें खराब पड़ी हैं, लेकिन उनकी मरम्मत नहीं कराई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि खान पार्षद की खाली जमीन पर दो हाईमास्ट लाइट लगाई गईं, जबकि वहां उनकी आवश्यकता नहीं थी। दूसरी ओर, जिन स्थानों पर रोशनी की जरूरत है, वहां अब भी अंधेरा है। उन्होंने पूछा कि पूरे वार्ड में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था कब तक सुनिश्चित होगी।
उन्होंने सफाई व्यवस्था, शहर में लगने वाले जाम, मच्छरों के प्रकोप और आवारा कुत्तों की समस्या का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने नियमित फॉगिंग शुरू करने और नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।
**होर्डिंग व यूनिपोल और जमीन पर कब्जे की जांच की मांग**
वार्ड पार्षद ने आरोप लगाया कि उपमहापौर की नाक के नीचे होर्डिंग और यूनिपोल के नाम पर अवैध वसूली हो रही है। उन्होंने इस मामले की जांच कराने की मांग की। साथ ही नगर निगम क्षेत्र में कथित रूप से अवैध तरीके से जमीन घेरने वाले भूमाफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करने की भी मांग उठाई।
संजीव कुमार ने कहा कि नगर निगम के लोग केवल टैक्स देने और वसूली का माध्यम नहीं हैं। उन्हें पानी, सड़क, सफाई, रोशनी, यातायात और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना निगम की जिम्मेदारी है।
**जनसमस्याएं उठाना जनप्रतिनिधि का दायित्व**
संजीव कुमार ने कहा कि जनसमस्याओं को उठाना किसी के प्रति व्यक्तिगत खुन्नस नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधि का दायित्व है। उपमहापौर को बयानबाजी के बजाय जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए और धरातल पर काम करके दिखाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वार्ड संख्या 06 सहित पूरे गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र की जनता की समस्याओं और अधिकारों के लिए उनकी आवाज आगे भी उठती रहेगी।*नोट: खबर में उपमहापौर और नगर निगम के कामकाज को लेकर लगाए गए आरोप वार्ड पार्षद संजीव कुमार के बयान पर आधारित हैं।*