कार्यपालक दंडाधिकारी ने एसआईआर अभियान का किया निरीक्षण, बीएलओ के कार्य की सराहना
डीजे न्यूज, तिसरा(धनबाद) : निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश के अनुसार जिले में चल रहे विशेष मतदाता गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत कार्यपालक दंडाधिकारी नारायण राम ने झरिया विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 223 स्थित डीपू धौरा का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ सुपरवाइजर सत्यवान रवानी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालक दंडाधिकारी ने बीएलओ रेखा भट्ट के साथ मिलकर क्षेत्र के कई लोगों को आवश्यक प्रपत्र (फॉर्म) उपलब्ध कराए। उन्होंने कहा कि जिलेभर में एसआईआर की प्रक्रिया चल रही है और प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए लगातार निरीक्षण कर रहा है कि सभी बीएलओ अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं या नहीं।
कार्यपालक दंडाधिकारी नारायण राम ने बताया, “यहां आने के बाद हम बीएलओ के कार्य से काफी संतुष्ट हुए हैं। चारों तरफ परियोजना क्षेत्र होने और बीच में बस्ती होने के बावजूद हमारी बीएलओ घर-घर जाकर लोगों का एसआईआर का कार्य कर रही हैं, जो सराहनीय है। हमारा उद्देश्य है कि कोई भी व्यक्ति इस प्रक्रिया से वंचित न रहे। जो भी भारत का नागरिक है और जिसकी आयु 18 वर्ष पूरी हो चुकी है, उसका विशेष गहन पुनरीक्षण किया जाएगा। वर्ष 2003 के अभिलेखों में उनके माता-पिता के विवरण से इसका मिलान किया जाएगा। जिनके घर इस बस्ती में हैं, उन्हीं का विशेष गहन पुनरीक्षण में नाम जोड़ा जाएगा। यह नागरिकों का अधिकार है। इस प्रक्रिया से यह प्रमाणित होगा कि वह भारत का नागरिक है। लोकतंत्र से जोड़ने की यह महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। यह अभियान 29 जुलाई तक चलेगा।”
इस दौरान अनिल भुइया, राम किशुन भुइया, शुरेस भुइया, रीना देवी, असमनिया देवी सहित अनेक लोगों का विशेष मतदाता गहन पुनरीक्षण के तहत कार्य किया गया।