एसआईआर केवल मतदाता सूची का पुनरीक्षण नहीं, बल्कि नागरिक को लोकतंत्र की मुख्यधारा से जोड़ने का जनभागीदारी अभियान : रामनिवास यादव 

एसआईआर केवल मतदाता सूची का पुनरीक्षण नहीं, बल्कि नागरिक को लोकतंत्र की मुख्यधारा से जोड़ने का जनभागीदारी अभियान : रामनिवास यादव 

डीजे न्यूज, गिरिडीह : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को सफल, पारदर्शी और समावेशी बनाने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रामनिवास यादव ने वॉलंटियर्स की भूमिका को और प्रभावी बनाने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य जिले के प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल कर उसे त्रुटिरहित, अद्यतन और प्रमाणिक बनाना है।

उपायुक्त ने बताया कि प्रत्येक बीएलओ के साथ एक-एक वॉलंटियर की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मैदानी कार्यों में सहयोग करेंगे। वॉलंटियर्स विशेष रूप से वृद्ध, दिव्यांग, गंभीर रूप से बीमार, आर्थिक रूप से कमजोर तथा अन्य संवेदनशील वर्ग के मतदाताओं की सहायता करेंगे, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि वॉलंटियर्स अनमैप्ड मतदाताओं की पहचान, दस्तावेजों के सत्यापन, नामांकन प्रपत्र भरवाने तथा निर्वाचन आयोग के पोर्टल के माध्यम से मतदाताओं का विवरण खोजने में बीएलओ का सहयोग करेंगे। यदि कोई पात्र नागरिक अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है, तो उसका नाम आवश्यक दस्तावेजों के साथ दर्ज कराने में भी वॉलंटियर्स मदद करेंगे। उपायुक्त ने बताया कि 1 अक्टूबर तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ना अभियान की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए गांव-गांव जाकर ऐसे पात्र युवाओं की पहचान की जाएगी, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका है। बीएलओ-बीएलए-2 बैठकों और चुनावी पाठशालाओं के माध्यम से भी पात्र नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाएगा।

 

उन्होंने कहा कि वॉलंटियर्स मतदाता जागरूकता अभियान के तहत पोस्टर, पंपलेट और अन्य प्रचार सामग्री के माध्यम से लोगों को जागरूक करेंगे। साथ ही यदि किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, फर्जी दस्तावेज या गलत जानकारी सामने आती है, तो उसकी सूचना तत्काल संबंधित निर्वाचन अधिकारियों को देंगे, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।

उपायुक्त रामनिवास यादव ने सभी बीएलओ, सुपरवाइजर, वॉलंटियर्स और निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों से समन्वय और पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि “एसआईआर-2026 केवल मतदाता सूची का पुनरीक्षण नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र नागरिक को लोकतंत्र की मुख्यधारा से जोड़ने का जनभागीदारी अभियान है। हमारा लक्ष्य है कि जिले का कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे।”

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top