मानदेय भुगतान नहीं होने पर सात जुलाई से कार्य बहिष्कार की चेतावनी

मानदेय भुगतान नहीं होने पर सात जुलाई से कार्य बहिष्कार की चेतावनी

चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने प्रभारी चिकित्सा प्रभारी को ज्ञापन देकर दिया अल्टीमेटम 

डीजे न्यूज, टुंडी (धनबाद): झारखंड राज्य चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ, टुंडी इकाई ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) टुंडी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के पदाधिकारियों एवं कर्मियों के लंबित मानदेय और एरियर का शीघ्र भुगतान करने की मांग की है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि 6 जुलाई तक भुगतान नहीं किया गया तो 7 जुलाई से सभी एनएचएम पदाधिकारी, कर्मी, सहिया, बीटीटी, सहिया साथी, सीएचओ एवं दैनिक वेतनभोगी कर्मी कार्य बहिष्कार करेंगे।

संघ द्वारा दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि झारखंड सरकार के पत्रांक-1176 (आरसीएच) दिनांक 07 मई 2026 तथा सिविल सर्जन, धनबाद के पत्रांक-1501/DHS के आलोक में एनएचएम पदाधिकारियों एवं कर्मियों के मानदेय और एरियर का भुगतान किया जाना है। इसके बावजूद पिछले चार से पांच माह से मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को पूर्व में भी अवगत कराया जा चुका है। इसके अलावा 16 जून को भी संबंधित आवेदन देकर लंबित भुगतान की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे कर्मियों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

संघ ने मांग की है कि सभी लंबित मानदेय एवं एरियर का भुगतान 6 जुलाई तक सुनिश्चित किया जाए अन्यथा 7 जुलाई से एनएचएम पदाधिकारी, कर्मी, सहिया, बीटीटी, सहिया साथी, सीएचओ तथा दैनिक वेतनभोगी कर्मी कार्य बहिष्कार शुरू करेंगे। यदि इसके बाद भी भुगतान नहीं किया गया तो चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा। संघ ने स्पष्ट किया है कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभागीय अधिकारियों की होगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top