जर्जर सड़क के खिलाफ तेलोडीह में जनआक्रोश, मानव श्रृंखला बनाकर प्रशासन को दिया आंदोलन का संदेश

जर्जर सड़क के खिलाफ तेलोडीह में जनआक्रोश, मानव श्रृंखला बनाकर प्रशासन को दिया आंदोलन का संदेश

डीजे न्यूज, पचंबा,गिरिडीह : तेलोडीह पंचायत की जर्जर मुख्य सड़क के निर्माण एवं तत्काल मरम्मती की मांग को लेकर बुधवार को पंचायतवासियों ने मुखिया शब्बीर आलम के नेतृत्व में विशाल मानव श्रृंखला बनाकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज बुलंद की। पेट्रोल पंप, तेलोडीह से शुरू हुई मानव श्रृंखला फॉरेस्ट कॉलोनी तक पहुंची। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, वार्ड सदस्य प्रतिनिधियों, पंचायत समिति सदस्य, उपमुखिया, समाजसेवियों, बुद्धिजीवियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा, बुजुर्ग और बच्चे शामिल हुए।

ग्रामीणों ने हाथों में तख्तियां लेकर सड़क की बदहाल स्थिति के खिलाफ नारेबाजी की और प्रशासन से अविलंब सड़क निर्माण अथवा मरम्मती की मांग की। प्रदर्शन के माध्यम से पंचायतवासियों ने सड़क की जर्जर स्थिति से जिला प्रशासन और सरकार को अवगत कराया।

मानव श्रृंखला का नेतृत्व कर रहे मुखिया शब्बीर आलम ने कहा कि तेलोडीह पंचायत की मुख्य सड़क पिछले दो वर्षों से जर्जर हालत में है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन दुर्घटनाओं की स्थिति बनी रहती है और वाहन चालकों तथा राहगीरों की जान जोखिम में रहती है।

उन्होंने कहा कि पंचायतवासी लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से अपनी मांग प्रशासन तक पहुंचा रहे हैं। प्रशासन को जनता की समस्या को गंभीरता से लेते हुए सड़क निर्माण या कम से कम तत्काल मरम्मती का कार्य शुरू करना चाहिए।

मुखिया ने कहा कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण अथवा मरम्मती की दिशा में ठोस पहल नहीं हुई, तो पंचायतवासी चरणबद्ध तरीके से संवैधानिक आंदोलन करने को बाध्य होंगे। जरूरत पड़ी तो भूख हड़ताल भी की जाएगी।

मानव श्रृंखला के माध्यम से ग्रामीणों ने स्पष्ट संदेश दिया कि अब सड़क की बदहाली को लेकर चुप नहीं बैठेंगे। पंचायतवासियों ने प्रशासन से मांग की कि “सड़क चाहिए, जल्द चाहिए” की मांग को गंभीरता से लेते हुए अविलंब कार्रवाई की जाए।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top