हुसैनाबाद मध्य विद्यालय में प्रार्थना सभा के दौरान तुलसीदास की जयंती पर हुआ विशेष परिचर्चा
डीजे न्यूज, हुसैनाबाद,पलामू : हल्की बारिश के बीच राजकीयकृत मध्य विद्यालय हुसैनाबाद के परिसर में बुधवार को मार्निंग असेम्बली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नियमित प्रार्थना, राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान एवं संविधान की प्रस्तावना के वाचन से हुई। इसके बाद विद्यालय के पट्ट पर अंकित सामान्य ज्ञान की जानकारी की पुनरावृत्ति कराई गई। जेसीईआरटी द्वारा प्रेषित कंटेंट का वाचन वरीय शिक्षिका आशा कुमारी ने किया।
प्रार्थना सभा में सुविचार, आज के महत्वपूर्ण दिवस तथा अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय खबरों की जानकारी विद्यार्थियों को दी गई। इस दौरान हार्मुज स्ट्रेट से जुड़े वैश्विक घटनाक्रम पर भी चर्चा की गई। बताया गया कि अमेरिका और ईरान के बीच इस मुद्दे को लेकर बयानबाजी जारी है। इसके अलावा अमेरिका द्वारा भारत की निर्वाचन पद्धति की प्रशंसा किए जाने की खबर से भी विद्यार्थियों को अवगत कराया गया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक कन्हैया प्रसाद ने संत शिरोमणि तुलसीदास की जयंती के अवसर पर उनके जीवन एवं साहित्यिक योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि तुलसीदास का जन्म उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के राजापुर गांव में संवत 1589 (ईस्वी 1532) में हुआ था। उनका बचपन का नाम रामबोला था और मान्यता है कि जन्म लेते ही उनके मुख से ‘राम’ शब्द निकला था। उनके पिता का नाम आत्माराम दूबे और माता का नाम हुलसी देवी था।
उन्होंने बताया कि तुलसीदास का विवाह रत्नावली नामक विदुषी कन्या से हुआ था। पत्नी के प्रति अत्यधिक प्रेम के कारण मिली फटकार के बाद उनका झुकाव अध्यात्म की ओर हुआ और आगे चलकर उन्होंने रामचरितमानस एवं हनुमान चालीसा जैसी कालजयी रचनाओं की रचना की। प्रधानाध्यापक ने कहा कि तुलसीदास हिंदी साहित्य के महान संत, कवि एवं दार्शनिक थे। उनकी रचनाएं भक्ति, मर्यादा और लोकमंगल का संदेश देते हुए आज भी समाज को सत्य, धर्म एवं सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान भौतिकतावादी युग में संत तुलसीदास की शिक्षाओं और रचनाओं की प्रासंगिकता और बढ़ गई है। उनके बताए सिद्धांतों पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस दौरान विद्यार्थियों के बीच तुलसीदास की प्रसिद्धि को स्मरण करते हुए कहा गया— “राम नाम की महिमा अपार, तुलसी के शब्दों में छिपा है सारा संसार।”
कार्यक्रम में शिक्षिकाएं आशा कुमारी, पूनम कुमारी एवं रश्मि प्रकाश तथा वरीय सहायक अध्यापक राजेश कुमार सिन्हा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।