झाकोमयू ने जनजागरण पदयात्रा के माध्यम से ग्रामीणों से साधा संपर्क 7 सितंबर को प्रस्तावित धरना को सफल बनाने की अपील

झाकोमयू ने जनजागरण पदयात्रा के माध्यम से ग्रामीणों से साधा संपर्क

7 सितंबर को प्रस्तावित धरना को सफल बनाने की अपील

डीजे न्यूज, कतरास (धनबाद):
खान एवं खनिज संशोधन अधिनियम के विरोध में 7 सितंबर को प्रस्तावित धरना की सफलता को झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन के जोनल उपाध्यक्ष रतिलाल टुडू की अगुवाई में बुधवार को जनजागरण पदयात्रा निकाली गई। महेशपुर एवं दलूडीह पंचायत के गंगापुर, गरीबडीह, महतोटांड़, मिचोकोचा, उपरबानधा, पियरशाला, रंगटांड़, टांडालगा, चुंगी सरायदहा और पदुमचंद में सघन जनसंपर्क किया गया।यूनियन प्रतिनिधियों ने इस कानून से राज्य के अधिकारों और स्थानीय लोगों पर पड़ने वाले विपरीत असर की विस्तार से जानकारी दी। रतिलाल टुडू ने स्पष्ट कहा कि खनिज संपदा ही झारखंड की वास्तविक पहचान और इसकी अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। ऐसे में खनिज संसाधनों से जुड़ी नीतियों या कानूनों में किए जाने वाले बदलावों से राज्य के मजदूरों, रैयतों और आम नागरिकों का भविष्य सीधे तौर पर प्रभावित होता है। उन्होंने सभी से अपील की कि वे अपने जल-जंगल-जमीन और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए 7 सितंबर को होने वाले महाधरना में लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी अभेद्य एकजुटता का परिचय दें।
मौके पर जिला संगठन सचिव मनोज रवानी, टुंडी विधायक प्रतिनिधि बिरजू सोरेन, प्रखंड सचिव मनसा राम मुर्मू, प्रखंड उपाध्यक्ष बासुकीनाथ त्रिगुणायत, बैजनाथ रवानी, लखन लाल टुडू, पारस ठाकुर, सोनू कुमार और भगीरथ महतो सहित भारी संख्या में यूनियन कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण शामिल थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top