बलियापुर की खबरें:-
शैक्षणिक भ्रमण पर छात्राएं कोलकाता रवाना
बलियापुर: कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राएं व शिक्षिकाएं तीन दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण पर बुधवार को कोलकाता रवाना हुई। छात्राओं को कोलकाता स्थित साइंस सिटी समेत अन्य कई प्रमुख स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। छात्राओं के साथ स्कूल की वार्डन मधुमिता कुमारी, अर्चना कुमारी आदि शामिल हैं।
———————————————-
फ्लिपकार्ट के लिए 110 अभ्यर्थी चयनित
बलियापुर: बीबीएम कॉलेज बलियापुर में बुधवार को फ्लिपकार्ट कंपनी बेंगलुरु की ओर से रोजगार मेला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न पदों के लिए कुल 110 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। इनमें 25 कंप्यूटर ऑपरेटर, डाटा एंट्री के बीस एवं शेष सीनियर असिस्टेंट पद शामिल है। कंपनी के एचआर एग्जीक्यूटिव चंदन जोशी ने चयनित अभ्यर्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना की। मौके पर कॉलेज के प्राचार्य डॉक्टर जितेंद्र महतो आदि मौजूद थे।
——————————————-
प्रदर्शन की सफलता को झामुमो ने किया जनसंपर्क
बलियापुर: एमएमडीआर बिल के विरोध में 7 सितंबर को बलियापुर प्रखंड कार्यालय के समक्ष प्रस्तावित प्रदर्शन की सफलता के लिए झामुमो ने बुधवार को सिंदूरपुर पंचायत के चौकटांड़, पांडेडीह, चालधोवा आदि गांवों में जनसंपर्क किया। लोगों को एमएमडीआर बिल को बारे में विस्तृत जानकारी दी तथा इसे झारखंड के लिए काला कानून बताया। साथ ही प्रदर्शन में अधिक से अधिक लोगों को शामिल होने की अपील की गई । मौके पर पार्टी के केंद्रीय सदस्य जग्गू महतो, पर्यवेक्षक महावीर महतो, प्रखंड सचिव निर्मल रजवार, राजेंद्र हेंब्रम, विजय महतो, देवीलाल मुर्मू, विनोद मुर्मू, श्रीकांत किस्कू, सोनिया देवी, विशाखा देवी, अष्टमी देवी, रीता देवी, पिंकी कुमारी, शिवानी देवी, कुसुम देवी, गौरी देवी समेत सैकड़ो थे।
————————————————
बारिश से दैनिक मजदूर का घर धराशायी
बलियापुर: लगातार हो रही बारिश के कारण बुधवार को आमझर गांव के मनीराम कर्मकार का मिट्टी के मकान का दीवार ढह गया। भुक्तभोगी दैनिक मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता है। वह मिट्टी एवं खपरैल के घर में किसी तरह अपने परिवार के साथ रहता था। दीवार ढह जाने से परिवार के समक्ष रहने की समस्या उत्पन्न हो गई है। पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन से अविलंब आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है।