शिक्षकों के अवकाश में संशोधन की मांग तेज, डीईओ ने दिया त्वरित पहल का भरोसा

शिक्षकों के अवकाश में संशोधन की मांग तेज, डीईओ ने दिया त्वरित पहल का भरोसा

डीजे न्यूज, पलामू : अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ, पलामू जिला इकाई के महासचिव अमरेश कुमार सिंह एवं वरीय उपाध्यक्ष रामानुज प्रसाद ने बुधवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी, पलामू से मुलाकात कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा समेत शिक्षकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

इस दौरान संघ के प्रतिनिधियों ने आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए पूर्व में घोषित अवकाश तालिका में अपेक्षित संशोधन करने की पुरजोर मांग रखी। संघ ने जीवित्पुत्रिका व्रत (3 अक्टूबर), विजयादशमी (21 अक्टूबर), भैया दूज (10 नवंबर), छठ महाव्रत के खीर-भोजन (14 नवंबर) तथा शीतकालीन अवकाश (26 दिसंबर) से संबंधित अवकाश में शिक्षकों की भावनाओं और आवश्यकताओं के अनुरूप संशोधन की मांग की।

शिक्षक संघ ने कहा कि पर्व-त्योहारों के दौरान अवकाश का निर्धारण शिक्षकों की सामाजिक एवं पारिवारिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए किया जाना आवश्यक है। संघ की ओर से अवकाश संशोधन संबंधी मांग की प्रतिलिपि उपायुक्त पलामू एवं जिला शिक्षा अधीक्षक, पलामू को भी सौंपी गई है।

प्रतिनिधिमंडल की मांगों पर जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि इस मामले में त्वरित पहल की जाएगी। संघ के पदाधिकारियों ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को लेकर भी विभाग के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई। इसके अतिरिक्त सहायक आचार्यों के एरियर यानि 2025-26 के बकाये वेतन के लिये भुगतान आदेश सभी DDO के नाम अविलम्ब निर्गत करने की माँग की गयी जिसपर DSE ने कहा कि एक सप्ताह के अंदर पत्र निर्गत हो जायेगा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top