हूल दिवस पर आम आदमी पार्टी ने अमर शहीदों को किया नमन
डीजे न्यूज, धनबाद : ऐतिहासिक हूल क्रांति दिवस के अवसर पर मंगलवार को आम आदमी पार्टी के नेता शदरे आलम ने संथाल विद्रोह के महानायक अमर शहीद सिद्धू मुर्मू, कान्हू मुर्मू, चांद, भैरव तथा वीरांगना फूलो और झानो के अदम्य साहस, त्याग और बलिदान को कृतज्ञतापूर्वक याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर शदरे आलम ने कहा कि सिद्धू और कान्हू ने अंग्रेजों तथा जमींदारों के शोषण के खिलाफ ‘हूल’ (विद्रोह) का बिगुल फूंका था। उनके द्वारा दिया गया नारा “करो या मरो, अंग्रेजों हमारी माटी छोड़ो” आज भी अपने अधिकारों तथा जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि हूल आंदोलन केवल एक विद्रोह नहीं, बल्कि अन्याय और शोषण के खिलाफ संघर्ष का प्रतीक है। उनके संघर्षों को याद करते हुए उन्होंने आदिवासी समाज के अधिकारों और झारखंड की गौरवशाली विरासत की रक्षा का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर उन्होंने आदिवासी अधिकारों, सामाजिक न्याय एवं संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करने, महान जननायकों के आदर्शों को युवा पीढ़ी तक पहुंचाने तथा झारखंड के गौरवशाली इतिहास और आदिवासी संस्कृति के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।