जेबीसीसीआई-12 के लिए लोदना एरिया कार्यालय पर धकोकसंघ का प्रदर्शन

जेबीसीसीआई-12 के लिए लोदना एरिया कार्यालय पर धकोकसंघ का प्रदर्शन

डीजे न्यूज, तिसरा (धनबाद) : जेबीसीसीआई-12 को जल्द लागू करने की मांग को लेकर मंगलवार को धनबाद कोलियरी कर्मचारी संघ (धकोकसंघ) के बैनर तले कोयला कर्मियों ने लोदना एरिया कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि वेज बोर्ड के तहत जेबीसीसीआई-12 लागू होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

संघ के आह्वान पर लोदना क्षेत्र की सभी कोलियरी शाखाओं में बरारी, नॉर्थ तीसरा, साउथ तीसरा, जिनागोरा, लोदना सहित विभिन्न स्थानों पर एक साथ प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान मजदूरों ने लंबित वेतन समझौते को शीघ्र लागू करने की मांग उठाई।

मौके पर एरिया सचिव बिजय यादव, अजय देव एवं रविंद्र प्रसाद ने कहा कि आंदोलन का उद्देश्य कोयला कर्मियों के लंबित वेतन समझौते जेबीसीसीआई-12 को अविलंब लागू कराना, कर्मचारियों के आर्थिक हितों की रक्षा करना तथा मजदूरों की वर्षों पुरानी मांगों को केंद्र सरकार और प्रबंधन के समक्ष मजबूती से उठाना है। उन्होंने कहा कि जेबीसीसीआई-12 लागू होने में लगातार हो रही देरी से लाखों कोयला कर्मियों और उनके परिवारों में असंतोष बढ़ रहा है। महंगाई लगातार बढ़ रही है, जबकि वेतन समझौते में देरी के कारण कर्मचारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

सभा के दौरान संघ के नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि कंपनी और संबंधित प्रबंधन जल्द से जल्द जेबीसीसीआई-12 लागू करने की दिशा में ठोस निर्णय नहीं लेता है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इसके तहत डीसीकेएस, रोड जाम, चक्का जाम तथा आवश्यकता पड़ने पर कोलियरी बंदी जैसे बड़े आंदोलनात्मक कार्यक्रमों का आह्वान किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी। प्रदर्शन में शामिल नेताओं ने मजदूरों से एकजुट रहने तथा अपने अधिकारों की लड़ाई लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से जारी रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब तक कर्मचारियों की जायज मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन में बिजय यादव, कुणाल पासवान, रविंद्र प्रसाद, अजय देव, कैलाश पासवान, बसंत चौहान, रामप्रसाद मंडल, वीरू निषाद, मंगरु बरई, उज्जवल कुमार डे, सुरेश बाउरी, विनोद कुमार, रंजीत हाड़ी, संजीव सिंह, अभिनंदन कुमार, शंकर रविदास, सुजीत कुमार, नजीर आलम, विनोद कुमार दास, चंद्रमा राम, अवधेश यादव, राजा अंसारी, अली अहमद, रमेश कुमार राम एवं शमशेर अंसारी सहित बड़ी संख्या में कोयला कर्मी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top