रंगों के कैनवास पर बच्चों ने उकेरी झारखंड की संस्कृति और छठ महापर्व की छटा
अनुवा अकादमी ऑफ फाइन आर्ट्स के ‘वाइड कैनवास’ कला शिविर में 15 बच्चों ने बनाई आकर्षक कलाकृतियां, प्रमाण पत्र देकर किया गया सम्मानित
डीजे न्यूज, धनबाद : छठ महापर्व और झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर अनुवा अकादमी ऑफ फाइन आर्ट्स, बैंक मोड़ की ओर से सोमवार को एक दिवसीय विशेष कला शिविर ‘वाइड कैनवास’ का भव्य आयोजन किया गया। शिविर में नन्हे कलाकारों ने अपनी कल्पनाओं और रंगों के माध्यम से झारखंड की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और छठ महापर्व की महत्ता को खूबसूरती से कैनवास पर उकेरा।
कला शिविर में कक्षा एक से पांचवीं तक के कुल 15 प्रतिभाशाली बच्चों ने हिस्सा लिया। सभी प्रतिभागियों ने अलग-अलग विषयों और रंगों के माध्यम से 15 आकर्षक कलाकृतियों का निर्माण किया। किसी ने वाटर कलर के जरिए छठ घाट पर सूर्यदेव को अर्घ्य देने का मनोरम दृश्य प्रस्तुत किया, तो किसी ने एक्रेलिक रंगों से झारखंड की संस्कृति और स्थापना दिवस के गौरव को जीवंत किया।
इस दौरान अकादमी के निदेशक एवं संस्थापक डॉ. विक्टर घोष ने भी ‘जय झारखंड, जय जोहार’ थीम पर विशेष चित्र बनाकर बच्चों का उत्साह बढ़ाया। अकादमी की अध्यक्ष अनुवा घोष ने कहा कि बच्चों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना बेहद जरूरी है। कला इसके लिए एक सशक्त माध्यम है। बच्चों ने अपनी रचनात्मकता से यह साबित किया कि कला के जरिए सांस्कृतिक विरासत को बेहतर तरीके से अभिव्यक्त किया जा सकता है।
वहीं, डॉ. विक्टर घोष ने कहा कि ‘वाइड कैनवास’ का उद्देश्य बच्चों की कल्पनाशीलता को विस्तार देना और उन्हें अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना है। छठ महापर्व और झारखंड के गौरव को रंगों में ढालना बच्चों के लिए कला के साथ-साथ संस्कारों को सीखने का भी अवसर है।
शिविर में शामिल बच्चों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्हें इस आयोजन से बहुत कुछ नया सीखने को मिला। अपनी संस्कृति और परंपराओं पर चित्र बनाकर उन्हें गर्व महसूस हुआ। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अकादमी ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनकी रचनात्मक प्रतिभा को आगे बढ़ाने का संकल्प जताया।