गंगा गौशाला कतरास में वार्षिक अधिवेशन सह गोपाष्टमी महोत्सव कल से, तैयारी पूरी
डीजे न्यूज, कतरास (धनबाद):
गंगा गौशाला कतरास-करकेंद के 107वें वार्षिक अधिवेशन सह गोपाष्टमी महोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में गौशाला के अध्यक्ष अनीश डोकानियां एवं महासचिव महेश अग्रवाल ने इसकी जानकारी दी।
अध्यक्ष अनीश डोकानियां ने बताया कि 17 से 23 नवंबर तक गौशाला परिसर में गोपाष्टमी महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। महोत्सव का शुभारंभ 17 नवंबर को झंडोत्तोलन एवं गौपूजन के साथ होगा। इस दौरान गौशाला की पावन धरती पर ख्याति प्राप्त कथा वाचिका देवी चित्रलेखा द्वारा श्रीकृष्ण कथा का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भव्य पंडाल का निर्माण कराया गया है। श्रीकृष्ण कथा महोत्सव का मुख्य आकर्षण रहेगी।
उन्होंने बताया कि 23 नवंबर को शाम चार बजे गौशाला के वार्षिक अधिवेशन का उद्घाटन संतोष भाई जी (बालाजी धाम) करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अनीश डोकानियां करेंगे, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में प्रदीप खेमका उपस्थित रहेंगे। वहीं, रात आठ बजे से भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।
कवि सम्मेलन में मुन्ना बैटरी, अतुल ज्वाला, कमल आग्नेय, हिमांशु बवंडर एवं कवयित्री डॉ. प्रेरणा ठाकरे अपनी कविताओं की प्रस्तुति देंगे। कवि सम्मेलन की अध्यक्षता डॉ. नेहा प्रियदर्शनी एवं डॉ. धीरज चौधरी करेंगे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में गौशाला के कोषाध्यक्ष डीएन चौधरी, सचिव दीपक अग्रवाल, डॉ. वीएन चौधरी, गोविंद खंडेलवाल, सुमित खंडेलवाल, प्रदीप सोनी, राजेश बंसल, पार्षद डॉ. मधुमाला, सुनील शर्मा, सुशील चौधरी, दिलीप अग्रवाल, गुड्डू डगाईच, उदय वर्मा, कृष्ण कन्हैया राय, आकाश खंडेलवाल, आनंद खंडेलवाल, अशोक शर्मा, कमलेश सिंह, मुकेश भट्ट एवं राजेश केडिया सहित अन्य लोग उपस्थित थे।