देवघर में ब्राउन शुगर के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई दो तस्कर गिरफ्तार, 3.35 ग्राम मादक पदार्थ बरामद

देवघर में ब्राउन शुगर के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई

दो तस्कर गिरफ्तार, 3.35 ग्राम मादक पदार्थ बरामद

डीजे न्यूज, देवघर: देवघर जिले के रिखिया थाना क्षेत्र में ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मंगलवार को जरुआडीह गांव स्थित एक नवनिर्मित मकान में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) चंद्रशेखर के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने ब्राउन शुगर की बिक्री करने पहुंचे दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहनपुर थाना क्षेत्र के कटवन निवासी एवं वर्तमान में पुराना चितकाठ निवासी 20 वर्षीय पवन कुमार तथा रिखिया थाना क्षेत्र के रामपुर निवासी 19 वर्षीय सोनू कुमार माहथा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान दोनों के पास से कुल 3.35 ग्राम ब्राउन शुगर (पुड़िया सहित) तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। छापेमारी अभियान में डीएसपी (मुख्यालय) चंद्रशेखर, थाना प्रभारी प्रभात कुमार, पुअनि मो. शकील अहमद, अनिल कुमार, अजय कुमार सिंह तथा सअनि रामस्वरूप राम सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top