11 सूत्री मांगों पर बनी सहमति, प्रबंधन के आश्वासन के बाद यूनियन ने स्थगित किया

11 सूत्री मांगों पर बनी सहमति, प्रबंधन के आश्वासन के बाद यूनियन ने स्थगित किया

डीजे न्यूज, गोलकडीह,धनबाद : एबीडीजी परियोजना कार्यालय, गोलकडीह में परियोजना पदाधिकारी और बिहार कोलियरी कामगार यूनियन के प्रतिनिधियों के बीच यूनियन की 11 सूत्री मांगों को लेकर महत्वपूर्ण वार्ता हुई। बैठक में कई मांगों पर प्रबंधन द्वारा सकारात्मक आश्वासन दिए जाने के बाद यूनियन ने अपने प्रस्तावित आंदोलन को फिलहाल स्थगित करने की घोषणा की।

 

यूनियन की बेरा शाखा कमेटी के सचिव पतित पावन माझी ने बताया कि बेरा कोलियरी में व्याप्त भ्रष्टाचार और कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर यूनियन लगातार आंदोलनरत थी। इसी के दबाव में प्रबंधन ने वार्ता के लिए पहल की।

 

वार्ता में निर्णय लिया गया कि बेरा कोलियरी में अवकाश लिपिक के पद पर कार्यरत सरोज कुमार से डाक विभाग का प्रभार वापस लिया जाएगा तथा भ्रष्टाचार के आरोपों के मद्देनजर उनका स्थानांतरण अन्यत्र किया जाएगा। वहीं, ओसीपी में स्थानांतरित किए गए दिलीप कुमार को पुनः बेरा कोलियरी में पदस्थापित कर उन्हें सीएमपीएफ/पेंशन संबंधी कार्य की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

 

इसके अलावा अवकाश लिपिक के पद पर विक्रम कुमार पासवान को मैगजीन का अतिरिक्त प्रभार देने तथा पूर्व में जारी कार्यालय आदेश को स्थगित करने पर भी सहमति बनी। प्रबंधन ने सहाना पहाड़ी क्षेत्र में 25 दिनों के भीतर पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का भी आश्वासन दिया।

बैठक में यूनियन की ओर से एरिया सचिव तुलसी रवानी, राजेंद्र पासवान, कामता पासवान, आशीत चटर्जी, प्रभास पाल, लीला चौहान, आनंद कोरा सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित थे। यूनियन ने कहा कि यदि प्रबंधन अपने आश्वासनों को समय पर पूरा नहीं करता है तो आगे की रणनीति बनाकर आंदोलन फिर से शुरू किया जाएगा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top