ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार पर जोर, थानसिंहडीह में शाखा खोलने की पहल

ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार पर जोर, थानसिंहडीह में शाखा खोलने की पहल

डीजे न्यूज, गिरिडीह: जिले में बैंकिंग सेवाओं के विस्तार और सरकारी योजनाओं के तहत ऋण वितरण की प्रगति को लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला सलाहकार समिति (डीएलसीसी) एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति (डीएलआरसी) की त्रैमासिक बैठक हुई। उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सितंबर तिमाही के बैंकिंग कार्यों की समीक्षा की गई। जिले का ऋण-जमा अनुपात 51.76 प्रतिशत और वार्षिक ऋण योजना की उपलब्धि 62.57 प्रतिशत दर्ज की गई।

बैठक में वार्षिक ऋण योजना की बैंकवार प्रगति, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), पीएमएफएमई, पीएम स्वनिधि, मुद्रा योजना, बीमा योजनाओं तथा स्वयं सहायता समूहों को ऋण उपलब्ध कराने की स्थिति की समीक्षा की गई। इसके अलावा वित्तीय साक्षरता केंद्रों और वित्तीय साक्षरता कार्यक्रमों के माध्यम से चलाए जा रहे जागरूकता अभियान की भी जानकारी ली गई।

उपायुक्त ने बैंक अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने के लिए समन्वय के साथ काम करने और पात्र लाभुकों को समय पर ऋण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने थानसिंहडीह ग्राम पंचायत में बैंकिंग सुविधाओं की जरूरत को देखते हुए वहां बैंक शाखा खोलने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं का विस्तार होने से लोगों को वित्तीय सुविधाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

डीसी ने लंबित ऋण आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन करने, ऋण स्वीकृति प्रक्रिया को सरल बनाने तथा सरकारी योजनाओं के लाभुकों को ऋण देने में अनावश्यक देरी नहीं करने का निर्देश दिया। उन्होंने बैंकिंग सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त, अग्रणी जिला प्रबंधक, भारतीय रिजर्व बैंक के एलडीओ, नाबार्ड के डीडीएम, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top