संविधान के आदर्शों से गूंजा विद्यालय, बाल संसद ने कराया प्रस्तावना का सामूहिक पाठ
डीजे न्यूज,पलामू : 77वें संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को विद्यालय के प्रार्थना सत्र में बाल संसद की अगुवाई में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया गया। इस दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों को संविधान के निर्माण, मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था की विशेषताओं से अवगत कराया।
वरीय शिक्षक राजेश कुमार गुप्ता ने संविधान दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को राष्ट्रीय संविधान दिवस मनाया जाता है। इसी दिन 1949 में भारतीय संविधान अंगीकृत किया गया था। संविधान देश की शासन व्यवस्था संचालित करने वाला महत्वपूर्ण लिखित दस्तावेज है, जो नागरिकों के अधिकारों और सरकार के दायित्वों को निर्धारित करता है।
उन्होंने संविधान सभा के गठन एवं निर्माण प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि संविधान सभा की पहली बैठक 9 दिसंबर 1946 को हुई थी। डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा अस्थायी अध्यक्ष तथा बाद में डॉ. राजेंद्र प्रसाद स्थायी अध्यक्ष चुने गए। 29 अगस्त 1947 को प्रारूप समिति का गठन हुआ, जिसके अध्यक्ष डॉ. भीमराव अंबेडकर थे। लंबे विचार-विमर्श के बाद 26 नवंबर 1949 को संविधान स्वीकार किया गया।
भाषाविद् एवं शिक्षिका सुषमा पांडेय ने कहा कि भारतीय संविधान पूर्ण रूप से 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ। इस तिथि का चयन 1930 में घोषित पूर्ण स्वराज के ऐतिहासिक संकल्प के सम्मान में किया गया था। संविधान प्रत्येक नागरिक को स्वतंत्रता, समानता और न्याय का अधिकार प्रदान करता है, लेकिन इन अधिकारों के साथ कानून एवं सामाजिक जिम्मेदारियों का पालन करना भी आवश्यक है।
प्रधानाध्यापक कन्हैया प्रसाद ने संविधान की विशेषताओं पर चर्चा करते हुए कहा कि संविधान समानता का संदेश देता है। इसके तहत कोई व्यक्ति बड़ा या छोटा नहीं है, बल्कि सभी नागरिक कानून की नजर में समान हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों, संघ सूची, राज्य सूची और समवर्ती सूची के बारे में भी जानकारी दी।
कार्यक्रम में संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्शों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी गई। आयोजन को सफल बनाने में प्रधानाध्यापक कन्हैया प्रसाद, राजेश कुमार गुप्ता, सुषमा पांडेय, आशा कुमारी, रश्मि प्रकाश एवं कंप्यूटर शिक्षक प्रमोद मेहता की सराहनीय भूमिका रही।