टुंडी कॉलेज में संविधान दिवस : क्विज में रेखा किस्कू ने मारी बाजी 

टुंडी कॉलेज में संविधान दिवस : क्विज में रेखा किस्कू ने मारी बाजी

डीजे न्यूज, टुंडी, धनबाद : सरकारी डिग्री कॉलेज टुंडी में संविधान दिवस के अवसर पर बुधवार को “भारत के संविधान निर्माण की यात्रा” विषय पर एक संगोष्ठी एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन राजनीति शास्त्र एवं समाजशास्त्र विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. इंद्रजीत कुमार ने की।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के निर्माण की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, संविधान सभा की भूमिका, संविधान निर्माताओं के योगदान तथा संविधान में निहित लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक मूल्यों से परिचित कराना था।

संगोष्ठी में प्रो. अविनाश कुमार ने भारतीय संविधान के निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान केवल शासन संचालन का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, समानता, स्वतंत्रता और न्याय का आधार स्तंभ है।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य डॉ. इंद्रजीत कुमार ने कहा कि संविधान दिवस हमें अपने संवैधानिक अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक और प्रतिबद्ध रहने की प्रेरणा देता है। विद्यार्थियों को संविधान के मूल्यों को आत्मसात कर एक जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनने का प्रयास करना चाहिए।

इस अवसर पर आयोजित क्विज प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिसमें रेखा किस्कू ने प्रथम स्थान, सची कुमारी ने द्वितीय स्थान एवं साक्षी कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के माध्यम से भारतीय संविधान, संविधान सभा, संविधान निर्माताओं तथा संवैधानिक प्रावधानों से संबंधित विद्यार्थियों के ज्ञान का आकलन किया गया।

कार्यक्रम का समापन संविधान की प्रस्तावना को पढ़ कर राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top