दुर्गा पूजा में डीजे बजा तो रद्द होगा लाइसेंस, समिति के पदाधिकारियों पर भी होगी कार्रवाई
डीजे न्यूज, धनबाद: दुर्गा पूजा के दौरान जिले में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने को लेकर समाहरणालय स्थित पुलिस सभागार में एसएसपी प्रभात कुमार की अध्यक्षता में विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, आईपीएस अंकित सिन्हा सहित जिले के सभी डीएसपी, एसडीपीओ, अंचल निरीक्षक, थाना प्रभारी एवं ओपी प्रभारी मौजूद रहे।
बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, पूजा पंडालों की निगरानी, यातायात प्रबंधन, रात्रि गश्ती तथा चोरी एवं गृहभेदन की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और आर्म्स एक्ट के लंबित मामलो को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई।
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों की पूजा समितियों के साथ बैठक कर सुरक्षा संबंधी सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
हर पंडाल का थाना प्रभारी लेंगे जायजा
एसएसपी ने निर्देश दिया कि सभी थाना प्रभारी अपने क्षेत्र के प्रत्येक पूजा पंडाल का भ्रमण कर वहां की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लें। पंडाल निर्माण के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराया जाए। पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ-साथ अग्नि सुरक्षा से संबंधित सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया।
सभी पूजा पंडालों में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार की व्यवस्था करने को कहा गया है ताकि भीड़ के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
सहायता केंद्र में जरूरी नंबर प्रदर्शित करना अनिवार्य
बैठक में पूजा समितियों को पंडाल के समीप सहायता केंद्र स्थापित करने का निर्देश दिया गया। सहायता केंद्र पर पुलिस, जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, अस्पताल, अग्निशमन विभाग और बिजली विभाग समेत अन्य आवश्यक सेवाओं के संपर्क नंबर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा। इसका उद्देश्य आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल सहायता उपलब्ध कराना है।
डीजे बजा तो तत्काल रद्द होगा लाइसेंस
एसएसपी प्रभात कुमार ने बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया कि दुर्गा पूजा से लेकर प्रतिमा विसर्जन तक किसी भी पूजा समिति द्वारा डीजे साउंड का इस्तेमाल किए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीजे का उपयोग पाए जाने पर संबंधित पूजा समिति का लाइसेंस तत्काल रद्द किया जाएगा तथा समिति के पदाधिकारियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही डीजे जब्त करने और साउंड ऑपरेटर के विरुद्ध भी प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया गया है।
ट्रैफिक व्यवस्था के लिए बनेगी विशेष कार्ययोजना
दुर्गा पूजा के दौरान शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस को विशेष कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया। ऑटो और टोटो चालकों की मनमानी, गलत स्थान पर वाहन खड़ा करने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई करने को कहा गया।
श्रमिक चौक पर जर्जर सड़क के कारण उत्पन्न होने वाली यातायात समस्या एवं जाम को देखते हुए संबंधित विभाग को सड़क की मरम्मत कराने के लिए निर्देशित करने की बात कही गई। वहीं बरमसिया पुल के समीप सड़क पर एफसीआई के वाहनों के खड़े होने से होने वाली परेशानी को दूर करने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया गया।
चोरी और गृहभेदन रोकने के लिए नया ब्लूप्रिंट
बैठक में जिले में चोरी एवं गृहभेदन की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए तैयार किए गए नए ब्लूप्रिंट पर भी चर्चा की गई। इसके तहत रात्रि गश्ती व्यवस्था को पहले की तुलना में अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाया गया है।
जिले के सभी थाना क्षेत्रों को आठ जोन में बांटा गया है। प्रत्येक रात इंस्पेक्टर स्तर के नोडल थाना प्रभारी अपने संबंधित जोन के अंतर्गत आने वाले थाना क्षेत्रों में भ्रमणशील रहेंगे। वे रात्रि गश्ती दल को आवश्यक दिशा-निर्देश देने के साथ-साथ पूरे क्षेत्र की निगरानी करेंगे।
तीन सुपर जोन में होगी रात्रि गश्ती की निगरानी
रात्रि गश्ती की निगरानी के लिए आठ जोन को तीन सुपर जोन में विभाजित किया गया है। प्रत्येक रात डीएसपी एवं एसडीपीओ स्तर के अधिकारी अपने-अपने सुपर जोन में भ्रमणशील रहकर संबंधित जोन के सभी थाना क्षेत्रों में रात्रि गश्ती की व्यवस्था की निगरानी करेंगे।
इसके अतिरिक्त एसएसपी प्रभात कुमार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव और ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब भी स्वयं क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर रात्रि गश्ती एवं सुरक्षा व्यवस्था का औचक निरीक्षण करेंगे। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि गश्ती में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और संवेदनशील इलाकों पर विशेष निगरानी रखी जाए।
दो माह में आर्म्स एक्ट के लंबित मामलों का निष्पादन
बैठक में एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को आर्म्स एक्ट से संबंधित लंबित मामलों की समीक्षा कर उनका शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया। सभी थाना प्रभारियों को अगले दो माह के भीतर आर्म्स एक्ट के लंबित सभी मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
एसएसपी ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा मानकों की अनदेखी, यातायात नियमों का उल्लंघन अथवा रात्रि गश्ती में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों की जवाबदेही तय की जाएगी।