प्रवासी श्रमिक सुरेंद्र टुडू के आश्रित पिता को देवघर के उपायुक्त ने सौंपी ₹50,000 की अनुग्रह राशि

प्रवासी श्रमिक सुरेंद्र टुडू के आश्रित पिता को देवघर के उपायुक्त ने सौंपी ₹50,000 की अनुग्रह राशि

उपायुक्त ने मृतक के परिवार को आवास व अन्य सभी सरकारी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने का दिया निर्देश

डीजे न्यूज, देवघर : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने समाहरणालय सभागार में स्वर्गीय सुरेंद्र टुडू के आश्रित पिता चुड़का टुडू से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और मुख्यमंत्री झारखण्ड प्रवासी श्रमिक दुर्घटना कोष के तहत ₹50,000 (पचास हजार रुपये) का चेक प्रदान किया। दुख की इस घड़ी में परिवार को संबल प्रदान करने के उद्देश्य से उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने संवेदनशीलता दिखाते हुए मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को अविलंब आवास योजना का लाभ दिया जाए। इसके अतिरिक्त, सामाजिक सुरक्षा विभाग के अंतर्गत मिलने वाले पारिवारिक लाभ सहित सरकार की तमाम जनकल्याणकारी व आवश्यक योजनाओं से इस परिवार को तत्काल जोड़ा जाए, ताकि इन्हें आगे की आजीविका में कोई परेशानी न हो।

ज्ञात हो कि सुरेंद्र टुडू (पिता: चुड़का टुडू) मुंबई से जसीडीह वापस लौट रहे थे। इसी दौरान मध्य प्रदेश के बुरहानपुर और खंडवा रेलवे स्टेशनों के बीच अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उनका दुखद अवसान हो गया। यात्रा के दौरान उनके साथ उनके गांव के ही एक अन्य सह-यात्री बुधिनाथ मरांडी भी मौजूद थे। घटना की सूचना मिलते ही देवघर जिला प्रशासन ने सक्रियता दिखाई। प्रशासन के मुस्तैद सहयोग और समन्वय से मृतक के पार्थिव शरीर को मध्य प्रदेश के बुरहानपुर से वापस उनके पैतृक गांव देवघर लाया जा रहा है।

श्रमाधान पोर्टल पर निबंधन है बेहद जरूरी

जिले के सभी प्रवासी श्रमिकों और उनके परिजनों से एक महत्वपूर्ण अपील की है। “मुख्यमंत्री झारखण्ड प्रवासी श्रमिक दुर्घटना कोष” योजना के तहत किसी भी अप्रिय घटना या दुर्घटना की स्थिति में आश्रितों को ₹50,000 की सहायता राशि देने का प्रावधान है। परंतु, इस कल्याणकारी योजना का लाभ उठाने के लिए सभी प्रवासी श्रमिकों का झारखण्ड सरकार के ‘श्रमाधान पोर्टल’ पर निबंधन (Registration) कराना अनिवार्य है। उपायुक्त ने जिले के सभी कामकाजी भाई-बहनों से अपील की है कि वे अपना पंजीकरण श्रमाधान पोर्टल पर अवश्य कराएं ताकि संकट के समय सरकार और प्रशासन उन्हें त्वरित सुरक्षा व सहयोग प्रदान कर सके।

इस दौरान उपरोक्त के अलावा उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, श्रम अधीक्षक शैलेंद्र कुमार शाह, एडीएसएस, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top