दरिद्र नारायण भोज में दिखी श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समरसता की झलक
डीजे न्यूज, झरिया(धनबाद): जीनागोड़ा कोलियरी स्थित मां दुर्गा पूजा समिति की ओर से आयोजित दुर्गोत्सव के अंतिम दिन दरिद्र नारायण भोज का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समरसता की झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम में लोदना क्षेत्र के महाप्रबंधक अनिल कुमार सिन्हा, एरिया कार्मिक प्रबंधक धर्मेंद्र कुमार, जयरामपुर के पर्सनल मैनेजर अभिजीत कुमार, कार्मिक प्रबंधक (प्रशासन) अमित कुमार गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए। वहीं, पूजा समिति के अध्यक्ष परशुराम सिंह, सचिव रवींद्र नाथ सिंह, जनता मजदूर संघ के अध्यक्ष राय बाबू सिंह, सचिव कैल्विन अनिल कुमार सिंह, सुदर्शन प्रसाद, हर्ष झा, शशिकांत सिंह और हिमांशु सिंह ,मटुकमणि भटांचार्य समेत अन्य सदस्य उपस्थित थे।समिति के अध्यक्ष परशुराम सिंह ने बताया कि जीनागोड़ा कोलियरी में मां दुर्गा की पूजा पिछले लगभग 70 वर्षों से परंपरागत रूप से होती आ रही है। यहां हर वर्ष भव्य तरीके से पूजा-अर्चना की जाती है, जिसमें दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर मां दुर्गा का दर्शन करते हैं। दुर्गोत्सव के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सामाजिक और सेवा से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं।
लोदना क्षेत्र के महाप्रबंधक अनिल कुमार सिन्हा ने कहा कि उन्होंने जीनागोड़ा की दुर्गा पूजा की भव्यता और लोकप्रियता के बारे में काफी कुछ सुना था। आज यहां आकर पूजा समिति के आयोजन को देखने का अवसर मिला। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम लोगों के बीच आपसी सद्भाव एवं एकता को मजबूत करते हैं।
दुर्गोत्सव के अंतिम दिन आयोजित दरिद्र नारायण भोज के माध्यम से समिति ने सेवा और सामाजिक सहयोग का संदेश दिया। आयोजन को सफल बनाने में पूजा समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।