माझेरपाड़ा में सिंदूर खेला के साथ मां दुर्गा को दी गई भावभीनी विदाई

माझेरपाड़ा में सिंदूर खेला के साथ मां दुर्गा को दी गई भावभीनी विदाई

महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर दी विजयादशमी की शुभकामनाएं, अगले वर्ष फिर आने की कामना के साथ मां को किया विदा

डीजे न्यूज, धनबाद: दुर्गोत्सव के समापन पर माझेरपाड़ा में पारंपरिक सिंदूर खेला का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। इस दौरान महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की और उन्हें सिंदूर अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसके बाद महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं।
सिंदूर खेला के दौरान महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे आयोजन में उत्सव और उमंग का माहौल बना रहा। कार्यक्रम में समाजसेवी कुंभनाथ सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने समस्त धनबादवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दी। समिति के अध्यक्ष टोनी बनर्जी और बादल सरकार ने बताया कि सिंदूर खेला बंगाली परंपरा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस परंपरा के माध्यम से महिलाएं मां दुर्गा से अपने परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और अखंड सौभाग्य की कामना करती हैं। साथ ही, एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर आपसी प्रेम, सौहार्द और मंगलमय जीवन का संदेश देती हैं।
उत्सव के उल्लास के बीच मां दुर्गा की विदाई का क्षण भावुक कर देने वाला रहा। श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां को विदाई दी और अगले वर्ष फिर से उनके आगमन की प्रार्थना की। मां दुर्गा की विदाई के साथ ही पंडाल में अगले दुर्गोत्सव की प्रतीक्षा शुरू हो गई।
कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top