बीसीसीएल के नोटिस पर मजदूरों का हंगामा
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): बीसीसीएल के कतरास क्षेत्र अंर्तगत वेस्ट मोदीडीह कोलियरी प्रबंधन द्वारा जारी नोटिस के विरोध में मजदूरों ने जोरदार हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अनियमितता बरतने के गंभीर आरोप लगाए।
नेतृत्व कर रहे पार्षद राममूर्ति सिंह ने कहा कि परियोजना में भारी स्तर पर गड़बड़ियां हो रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लाखों गैलन पानी निकालने के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। साथ ही, रविवार को मजदूरों से काम लेने को लेकर भी उन्होंने नाराजगी जताई और इसे श्रमिकों के हितों के खिलाफ बताया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इस तरह के फैसलों से मजदूरों को आर्थिक और मानसिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने प्रबंधन से तत्काल अपनी नीतियों में सुधार करने और श्रमिकों के हितों का ध्यान रखने की मांग की।
इधर, बीसीसीएल प्रबंधन द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि ए.के.डब्ल्यू.एम.यू. कोलियरी में 19 अप्रैल (रविवार) को परियोजना का उत्पादन कार्य पूर्ण रूप से बंद रहेगा। केवल उन्हीं कर्मचारियों को कार्य पर आने की अनुमति होगी, जिन्हें आपातकालीन कार्य के लिए सक्षम पदाधिकारी द्वारा स्वीकृति दी गई होगी।