जिप अध्यक्ष ने निरीक्षण भवन के जीर्णोद्धार कार्य का किया शिलान्यास
पंचायती राज निधि से 80 लाख होंगे खर्च
डीजे न्यूज, धनबाद: जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने सोमवार को निरीक्षण भवन के जीर्णोद्धार कार्य का शिलान्यास किया। पंचायती राज विभाग के निधि से निरीक्षण भवन के जीर्णोद्धार में 80 लाख रु खर्च होंगे।
शारदा सिंह ने बताया कि जिला परिषद की कई संपत्ति आज खस्ता हाल में है और उन सभी को दुरुस्त करने का प्रयास किया जा रहा है ताकि जिला परिषद का आय बढ़े। पिछले बोर्ड की बैठक में निरीक्षण भवन के जीर्णोद्धार का प्रस्ताव पास किया गया था। इसके जीर्णोद्धार के बाद यहाँ लोग किसी भी तरह के आयोजन के लिए बुकिंग करा सकेंगे। उन्होंने बताया कि जिले में एक टाउन हॉल तो है पर आयोजनों के लिए वह काफ़ी नहीं है। लोग अक्सर टाउन हॉल का विकल्प तलाशते हैं। ऐसे में निरीक्षण भवन को लोग विकल्प के तौर पर चुन सकेंगे।
शारदा सिंह ने बताया कि पूजा टॉकिज के पास भी जिला परिषद की संपत्ति पर एक मिनी टाउन हॉल निर्माण का निर्णय लिया है। जिसका डीपीआर बनाने से लेकर टेंडर अभी प्रक्रिया में है।