सेमेस्टर-VI वोकेशनल कोर्स की परीक्षा आयोजित करने की मांग तेज
परिणाम एवं प्रमाण-पत्र समय पर जारी करें बीबीएमकेयू : आजसू छात्र संघ
डीजे न्यूज, धनबाद: अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू पार्टी का सहयोगी संगठन) का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक से भेंट किया। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें मांगपत्र सौंपकर सेमेस्टर-VI वोकेशनल कोर्स की परीक्षा शीघ्र आयोजित कराने एवं समय पर परिणाम तथा आवश्यक दस्तावेज जारी करने की मांग की गई।
छात्र नेता राजवर्धन सिंह के नेतृत्व में आजसू छात्र संघ के प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष विद्यार्थियों की समस्याओं को रखा। इस अवसर पर छात्र नेता सौरभ पांडे, आकाश रक्षित, सिद्धार्थ सिंह, नितिन मंडल, अर्चित श्रीवास्तव, तुषार मोदी सहित अन्य छात्र नेता एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
राजवर्धन सिंह ने कहा कि वोकेशनल कोर्स के विद्यार्थियों का शैक्षणिक सत्र प्रारंभ से ही विलंब से चल रहा है। अभी तक सेमेस्टर-VI की परीक्षा आयोजित नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई एवं अन्य विश्वविद्यालयों में प्रवेश लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि कई विद्यार्थी उच्च शिक्षा के लिए अन्य विश्वविद्यालयों में प्रवेश लेना चाहते हैं, लेकिन परीक्षा और परिणाम में देरी के कारण वे समय पर आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं कर पा रहे हैं। इससे विद्यार्थियों के सामने प्रवेश की समय-सीमा प्रभावित होने की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
आजसू छात्र संघ ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की है कि सेमेस्टर-VI वोकेशनल कोर्स की परीक्षा अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में आयोजित कराई जाए तथा परीक्षा के बाद यथाशीघ्र परिणाम एवं संबंधित प्रमाण-पत्र/दस्तावेज जारी किए जाएं, ताकि विद्यार्थियों की आगे की पढ़ाई बाधित न हो।
राजवर्धन सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन इस विषय पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करे।