बलियापुर में प्रखंड स्तरीय करम महोत्सव आयोजित
सामाजिक एकता, भाईचारा और संस्कृति के संरक्षण का दिया संदेश
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद): प्लस टू हाई स्कूल मैदान बलियापुर में सोमवार को प्रखंड स्तरीय करम महोत्सव का आयोजन किया गया। महोत्सव में 50 से भी अधिक गांव के जावा नृत्य दलों ने भाग लिया। कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर करम पर्व की सांस्कृतिक धरोहर को जीवंत कर दिया। प्रतिभागियों ने करम गीतों पर बेहतरीन नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। साथ ही सामाजिक एकता, भाईचारा और संस्कृति के संरक्षण का सशक्त संदेश दिया।
इसके पूर्व महोत्सव का उद्घाटन पूर्व विधायक आनंद महतो, प्रखंड प्रमुख पिंकी देवी, उप प्रमुख आशा देवी, जिप सदस्य श्वेता कुमारी, सीमा देवी आदि ने संयुक्त रूप से किया। मौके पर झामुमो नेता युद्धेश्वर सिंह, अरुण रजवार, सीमा देवी, पूर्व मुखिया रतन महतो, मंगल महतो, बुधन लाल महतो, दिगंबर महतो, राजू महतो समेत सैकड़ो थे।
प्रधानखंटा में आयोजित करमा महोत्सव का उद्घाटन जेएलकेएम के डुमरी विधायक जयराम महतो ने किया। उन्होंने करमा पर्व को झारखंड की संस्कृति का प्रतीक बताया। मौके पर जिला परिषद सदस्य उषा महतो समेत सैकड़ो थे। प्रजन्य बीएड कॉलेज पहाड़पुर में भी करमा महोत्सव का आयोजन किया। उद्घाटन बीएड कॉलेज की सचिव भाजपा नेत्री तारा देवी ने किया। इसके अलावा कुसमाटांड़ दुर्गा मंदिर प्रांगण, धोखरा स्थित काली मंदिर एवं बीबीएम कॉलेज बलियापुर प्रांगण में भी करमा महोत्सव का आयोजन किया गया। प्रतिभागी जावा नृत्य दलों को आयोजन समिति की ओर से पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।