दुर्गा पूजा में खलल डालने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई : एसडीओ संतोष गुप्ता

दुर्गा पूजा में खलल डालने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई : एसडीओ संतोष गुप्ता

सोशल मीडिया की अफवाहों पर प्रशासन की पैनी नजर

बगोदर-सरिया अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक

डीजे न्यूज, बगोदर(गिरिडीह) : शारदीय नवरात्र एवं दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को अनुमंडल पदाधिकारी, बगोदर-सरिया संतोष गुप्ता की अध्यक्षता में अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में सांप्रदायिक सौहार्द, सामाजिक समरसता एवं आपसी भाईचारा बनाए रखने के साथ पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी संतोष गुप्ता ने कहा कि दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। क्षेत्र में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। असामाजिक तत्वों एवं उपद्रवी गतिविधियों पर भी कड़ी नजर है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने अथवा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने पूजा समितियों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों से प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने की अपील की। साथ ही दुर्गा पूजा के दौरान डीजे पर प्रतिबंध का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

एसडीओ ने पूजा पंडालों का निर्माण निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप खुला एवं मजबूत रखने, आवश्यकतानुसार अस्थायी विद्युत संयोजन लेने तथा विद्युत सुरक्षा के पर्याप्त उपाय सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने पंडालों में अग्निशमन एवं आपातकालीन सुरक्षा के समुचित प्रबंध के साथ पर्याप्त संख्या में वालंटियर्स की नियुक्ति पर भी विशेष बल दिया।

उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए पूजा समितियां आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। रैश ड्राइविंग पर प्रभावी नियंत्रण, नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने से रोकने तथा पर्व के दौरान शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

एसडीओ ने सभी पूजा समितियों एवं आम नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अफवाह की सूचना तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य सभी के सहयोग से दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है। इस दिशा में सभी आवश्यक तैयारियां एवं सुरक्षा प्रबंध किए जा रहे हैं। बैठक में बगोदर-सरिया अनुमंडल अंतर्गत सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी, पूजा समितियों के प्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। उपस्थित सदस्यों ने पर्व के दौरान प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top