पैरा तैराकी चैंपियनशिप में बाघमारा के खिलाड़ियों का जलवा
तीन गोल्ड सहित चार पदक जीत बढ़ाया मान
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद):
रांची के खेलगांव में रविवार को आयोजित राज्य स्तरीय पैरा तैराकी चैंपियनशिप में धनबाद के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों से दिव्यांग खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। धनबाद जिले के सिनीडीह निवासी सुनील कुमार वर्मा ने एस-9 कैटेगरी के 50 मीटर फ्रीस्टाइल में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक हासिल किया।
वहीं तेतुलिया निवासी कोकिल महतो ने एस-10 कैटेगरी के 50 मीटर फ्रीस्टाइल में प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल जीता।
इसी तरह बांसकापुरिया निवासी चंपा कुमारी ने एस-5 कैटेगरी के 50 मीटर फ्रीस्टाइल में प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। जबकि बांसकापुरिया निवासी रमेश महतो ने एस-10 कैटेगरी के 50 मीटर फ्रीस्टाइल में दूसरा स्थान प्राप्त कर रजत पदक जीता।
चारों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से उनके परिवार और पूरे धनबाद जिले में खुशी का माहौल है। घर वापसी के दौरान कतरास रेलवे स्टेशन पर दिव्यांग शक्ति फाउंडेशन ट्रस्ट के सचिव गोवर्धन रजक, राष्ट्रीय खिलाड़ी अजय कुमार पासवान, समाजसेवी सुरेश यादव एवं शिक्षक प्रवीण गुप्ता ने खिलाड़ियों का माला पहनाकर स्वागत किया और उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।