बाल विवाह व तस्करी के खिलाफ समुदाय हुआ एकजुट

बाल विवाह व तस्करी के खिलाफ समुदाय हुआ एकजुट

डीजे न्यूज, धनबाद: गोविंदपुर, बाघमारा एवं तोपचांची प्रखंड के दर्जनों गांवों में बाल संरक्षण अभियान को मजबूत करने के उद्देश्य से झारखंड ग्रामीण विकास ट्रस्ट (JGVT) एवं जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन (JRC) द्वारा लगातार बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इन बैठकों में बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति के सदस्यों, स्थानीय प्रतिनिधियों एवं समुदाय के लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।

बैठकों का मुख्य उद्देश्य गांवों में बाल विवाह, बाल तस्करी, बाल मजदूरी एवं बाल यौन हिंसा की रोकथाम के लिए सामुदायिक स्तर पर जागरूकता और निगरानी तंत्र को मजबूत करना है। साथ ही बच्चों और उनके परिवारों की समस्याओं की पहचान कर उन्हें आवश्यक सरकारी योजनाओं एवं कल्याणकारी सेवाओं से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।

अभियान के दौरान विद्यालय से बाहर रह रहे बच्चों की पहचान कर उनका पुनः विद्यालय में नामांकन, शिक्षा से जोड़ना तथा जोखिम में रह रहे बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक पहल करने की जानकारी दी जा रही है। समिति के सदस्यों से गांव में बाल संरक्षण से जुड़े मामलों की नियमित निगरानी एवं समय पर हस्तक्षेप करने का भी आह्वान किया गया।

विभिन्न गांवों में आयोजित बैठकों के दौरान दीपा रवानी, आशा महतो, पूजा कुमारी एवं लक्ष्मी कुमारी सहित JGVT की टीम ने उपस्थित होकर बाल संरक्षण से संबंधित विषयों पर जानकारी दी और समुदाय के साथ चर्चा की।

JGVT एवं JRC का यह अभियान गांवों में सामुदायिक भागीदारी को मजबूत करते हुए बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण बनाने और बाल विवाह एवं बाल तस्करी जैसी कुप्रथाओं की रोकथाम की दिशा में निरंतर जारी है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top