प्रोत्साहन समिति की बैठक में नए क्षेत्रों में निर्यात बढ़ाने पर जोर
डीजे न्यूज, धनबाद: उप विकास आयुक्त सन्नी राज की अध्यक्षता में ‘डिस्ट्रिक्ट्स एज एक्सपोर्ट हब्स’ पहल के अंतर्गत सोमवार को समाहरणालय के सभागार में जिला स्तरीय निर्यात प्रोत्साहन समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
उप विकास आयुक्त ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य चालू वित्त वर्ष की प्रथम तिमाही के निर्यात आंकड़ों की तुलना पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि से करते हुए जिला निर्यात कार्य योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा करना था। बैठक में धनबाद के निर्यात परिदृश्य को पारंपरिक हार्ड-कोकिंग कोल के दायरे से बाहर ले जाकर विविध उत्पादों तक विस्तारित करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक ने बताया कि जिले में हार्ड कोक के अतिरिक्त, इंजीनियरिंग गुड्स, कास्टिंग, फर्नेस लाइनिंग्स और मैन्युफैक्चरिंग उपकरणों के निर्यात पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही कृषि और बागवानी क्षेत्र में स्थानीय टमाटर और मौसमी उपजों के निर्यात को बढ़ावा देने की योजना पर कार्य प्रगति पर है।
बैठक में सहयोगी संस्थाओं की भूमिका पर भी चर्चा हुई। जिसमें नए सूक्ष्म एवं लघु निर्यातकों के लिए अंतरराष्ट्रीय व्यापार में जोखिम प्रबंधन और डिफॉल्ट से सुरक्षा प्रदान करने, एमएसएमई क्लस्टर्स में क्षमता विस्तार, तकनीकी उन्नयन और आधुनिक बुनियादी ढांचे के लिए ऋण प्रवाह सुनिश्चित करने, किसान उत्पादक संगठनों और ग्रामीण उद्यमों को कृषि उत्पादों के निर्यात हेतु तैयार करने, सीमा शुल्क निकासी युक्त डाक नेटवर्क के माध्यम से छोटे और ई-कॉमर्स निर्यातकों को मजबूत लॉजिस्टिक्स सहायता देने, वार्षिक ऋण योजना के अंतर्गत निर्यात क्षेत्र के लिए निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने के अलावा एमएसएमई इकाइयों को ओएनडीसी सहित अमेजन, डीएचएल और शिपरॉकेट जैसे प्लेटफॉर्म्स से जोड़कर घरेलू खुदरा और सीमा पार निर्यात को सुगम बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ में आगामी तिमाही के लिए विभिन्न आयोजनों और कार्ययोजनाओं की रूपरेखा तय की गई।
बैठक में चिरकुंडा की पांच फैक्ट्री द्वारा नेपाल, भूटान, अफ्रीका, बांग्लादेश, कुवैत, ओमान सहित अन्य देश में निर्यात को लेकर चर्चा की गई।
उप विकास आयुक्त ने संबंधित विभागों एवं संस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले में निर्यात का दायरा बढ़ाने तथा स्थानीय उत्पादों एवं उद्यमियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी पहल करने का निर्देश दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त सन्नी राज, जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक संजीत कुमार सिन्हा के अलावा अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।