अस्पताल में युवती से मिलने पहुंचा युवक, परिजनों ने पकड़कर पीटा, पुलिस ने बचाया

अस्पताल में युवती से मिलने पहुंचा युवक, परिजनों ने पकड़कर पीटा, पुलिस ने बचाया
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह सदर अस्पताल परिसर में रविवार रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती से मिलने पहुंचे युवक को उसके परिजनों ने पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से बचाकर हिरासत में ले लिया।
बताया जाता है कि पचंबा थाना क्षेत्र के कमरशाली निवासी गुड्डू शर्मा पर आरोप है कि वह एक युवती को लगातार परेशान कर रहा था। परिजनों के अनुसार, युवती इन दिनों सदर अस्पताल में भर्ती है। आरोप है कि इसके बावजूद गुड्डू रविवार रात अस्पताल पहुंच गया। युवक को अस्पताल में देखकर युवती के परिजनों ने उसे पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने गश्त कर रहे टाइगर मोबाइल के जवानों को मौके पर भेजा। पुलिस ने पहुंचकर युवक को परिजनों के चंगुल से छुड़ाया और हिरासत में ले लिया।
युवती के परिजनों का आरोप है कि युवक लगातार उनकी बेटी को परेशान कर रहा था। इससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इसके बावजूद युवक अस्पताल तक पहुंच गया।
नगर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने बताया कि युवती सदर अस्पताल में भर्ती है और युवक उससे मिलने वहां पहुंचा था। इसी दौरान परिजनों ने उसे पकड़कर पीट दिया। पुलिस ने समय पर पहुंचकर युवक को हिरासत में लिया। उन्होंने कहा कि मामले में युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। साथ ही कानून हाथ में लेकर युवक की पिटाई करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top