जनरेटर हाउस में भड़की आग, श्रीराम सिटी अपार्टमेंट में मचा हड़कंप
डीजे न्यूज, धनबाद : सरायढेला स्थित श्रीराम सिटी अपार्टमेंट की छत पर सोमवार को जनरेटर हाउस में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। जनरेटर हाउस से धुआं उठता और आग की लपटें देख अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही अपार्टमेंट के लोग और सिक्योरिटी गार्ड सक्रिय हो गए। लोगों ने तत्काल फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और अग्निशमन विभाग को भी सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन उससे पहले ही अपार्टमेंट के लोगों ने आग पर काबू पा लिया था।
बताया गया कि आग अपार्टमेंट मालिक की ओर से लगाए गए टावर के जनरेटर हाउस में लगी थी। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से यह दूसरे हिस्सों तक फैलने से बच गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आग पर समय रहते नियंत्रण नहीं पाया जाता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना में कितना नुकसान हुआ है, इसकी भी जानकारी स्पष्ट नहीं है। आग की घटना के बाद कुछ देर तक अपार्टमेंट परिसर में दहशत का माहौल बना रहा।