डांडिया की खनक से झूम उठा यूनियन क्लब, दुर्गोत्सव के स्वागत में देर रात तक थिरके कदम
डीजे न्यूज, धनबाद : दुर्गापूजा के आगमन से पहले धनबाद के यूनियन क्लब में डांडिया उत्सव का रंग जम गया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे युवक-युवतियों, महिलाओं और बच्चों ने डांडिया स्टिक की खनक के बीच देर रात तक जमकर नृत्य किया। गीतों की मधुर धुन और डांडिया की लयबद्ध टकराहट से क्लब परिसर का माहौल पूरी तरह उत्सवी हो गया।
घाघरा-चोली और कुर्ता-पायजामा में सजे प्रतिभागियों की टोली जब पारंपरिक गीतों पर थिरकी तो पूरा परिसर गुजरात की गलियों जैसा नजर आने लगा। डांडिया की हर टकराहट के साथ उत्साह बढ़ता गया और लोगों ने उमंग व उल्लास के साथ दुर्गोत्सव का स्वागत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्लब के पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि के रूप में धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार उपस्थित रहे। मौके पर क्लब के कार्यकारी अध्यक्ष अमितेश सहाय, सचिव विजय कुमार अग्रवाल, कोषाध्यक्ष राजेश सिंह, अमन सिंह, सरोज सिंह, गोपाल भट्टाचार्य, जॉनी शर्मा, कमल चौधरी, अमित अग्रवाल समेत क्लब के कई पदाधिकारी, सदस्य और उनके परिजन मौजूद रहे।