देवघर में लगेंगी 3600 नई स्ट्रीट लाइटें, छठ घाटों का होगा जीर्णोद्धार, फव्वारा चौक से नंदन पहाड़ तक बनेंगे मल्टीलेवल कॉम्प्लेक्स 

देवघर में लगेंगी 3600 नई स्ट्रीट लाइटें, छठ घाटों का होगा जीर्णोद्धार, फव्वारा चौक से नंदन पहाड़ तक बनेंगे मल्टीलेवल कॉम्प्लेक्स 

निगम बोर्ड के बड़े फैसले

डीजे न्यूज, देवघर : देवघर नगर निगम कार्यालय के सभागार में बोर्ड की एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक आहूत की गई। बैठक में नगर विकास, जन-सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और आगामी त्योहारों के सफल व स्वच्छ संचालन को लेकर कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए। इस बैठक की सबसे मुख्य विशेषता यह रही कि इसमें जनहित से जुड़े सभी 43 एजेंडो को सदन द्वारा सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।

त्योहारों को लेकर वृहद तैयारी

देवघर की धार्मिक व सांस्कृतिक महत्ता को देखते हुए बोर्ड ने आगामी महापर्व दुर्गा पूजा, दीपावली एवं आस्था के महापर्व छठ को अत्यंत स्वच्छ, सुरक्षित और भव्य वातावरण में संपन्न कराने हेतु एक वृहद कार्ययोजना को मंजूरी दी है।

विशेष साफ-सफाई व छठ घाटों के जीर्णोद्धार के तहत सभी 36 वार्डों और मुख्य पूजा पंडालों के आसपास युद्ध स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही, आगामी छठ महापर्व को ध्यान में रखते हुए मुख्य छठ घाटों की साफ-सफाई और आकर्षक रंग-रोगन कार्य सुनिश्चित करने की स्वीकृति प्रदान की गई।

त्योहारों के दौरान नागरिकों और श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु नागरिक सुविधा मद के अंतर्गत न्यूनतम 3,600 आधुनिक स्ट्रीट लाइटों के क्रय और त्वरित अधिष्ठापन को स्वीकृति दी गई। प्रकाश व्यवस्था को निर्बाध बनाए रखने के लिए बिजली मिस्त्रियों व सहयोगियों की दो नई टीमों को 11 महीने के दैनिक पारिश्रमिक पर बहाल करने का निर्णय लिया गया।

जलापूर्ति और अन्य बड़े निर्णय

जलआपूर्ति व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण के लिए पेयजलापूर्ति के जोन-1 में डढ़वा नदी पर बने चेक डैम के इन्टेक वेल 01 से 02 तक सिल्ट की सफाई (Desilting) के कार्य को स्वीकृति दी गई। विभिन्न वार्डों में चिन्हित चापाकलों की ऊंचाई बढ़ाने एवं उनके चबूतरों के सुदृढ़ीकरण की योजना स्वीकृत की गई। साथ ही सेप्टिक टैंक सफाई शुल्क, पानी टैंकर शुल्क, R.O. Water निबंधक शुल्क, चलंत शौचालय शुल्क, सरकारी संस्थान में बोरिंग कराने का शुल्क का निर्धारण की स्वीकृति दी गई।

अरबन चैलेंज फंड और PPP मोड के तहत फव्वारा चौक, पुराना बस स्टैंड, टाउन हॉल (नगर पुस्तकालय परिसर), पुराना नगर निगम कार्यालय, नन्दन पहाड़ तालाब जैसी परिसंपत्तियों पर बहुमंजिला कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, मल्टीलेवल पार्किंग, बैंक्वेट हॉल, बहुउद्देश्यीय हॉल और ओपन जिम के साथ सुंदर पार्क निर्माण को मंजूरी दी गई।

शहर की डोर-टू-डोर सफाई व्यवस्था में नियुक्त एजेंसी MSWM की कार्यप्रणाली पर सदन ने असंतोष जताया। बोर्ड द्वारा सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि निकट भविष्य में इनकी कार्यशैली में गुणात्मक सुधार नहीं हुआ, तो इनके अनुबंध को समाप्त करने हेतु अग्रेतर कार्रवाई की जायेगी।

निगम क्षेत्र के प्रत्येक जोन में लाईब्रेरी की स्थापना की जाएगी। के.के.एन. आउटडोर व इनडोर स्टेडियम का प्रशासनिक नियंत्रण नगर निगम के अधीन हस्तांतरित करते हुए वहां खिलाड़ियों के लिए चेंजिंग रूम और नए शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा। वहीं, सुरक्षा के दृष्टिकोण से चरणबद्ध तरीके से सीसीटीवी कैमरे लगाने हेतु स्थलों का चयन किया जाएगा।

शहर में सिंगल यूज प्लास्टिक को पूर्णतः प्रतिबंधित करने हेतु दण्ड शुल्क का निर्धारण किया जाएगा। जल संरक्षण हेतु सरकारी भवनों में ‘Roof Top Rainwater Harvesting’ को अनिवार्य बनाने तथा अवैध जल कनेक्शनों को विच्छेद करने की कार्रवाई में वार्ड पार्षदों से सहयोग लेने का प्रस्ताव पारित हुआ।मुख्य मार्गों एवं बाजार हाट में रात्रि साफ-सफाई की स्वीकृति दी गई। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत चिन्हित सभी 1,086 वैध लाभुकों को देय अनुदान राशि का भुगतान करने का निर्णय लिया गया। सभी माननीय वार्ड पार्षदों के लंबित मासिक मानदेय व भत्ते का शीघ्र भुगतान करने की स्वीकृति दी गई।इस बोर्ड बैठक में महापौर, माननीया उप महापौर, नगर आयुक्त, अपर नगर आयुक्त एवं सभी सम्मानित वार्ड पार्षदगण उपस्थित रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top