श्रद्धा-उल्लास के साथ क्षमावाणी आयोजन संपन्न
डीजे न्यूज, कतरास (धनबाद):
दिगम्बर जैन समाज के तत्वावधान में क्षमावाणी आयोजन श्रद्धा-उल्लास के साथ संपन्न हुआ। शुभारंभ दिगम्बर जैन मंदिर में सामूहिक पूजा, प्रक्षाल एवं शांतिधारा के साथ हुआ। जैन समाज के श्रद्धालुओं ने भगवान आदिनाथ जी की प्रतिमा को विराजमान कर कतरास शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली। पुरुष श्रद्धालु भगवान के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे, वहीं महिलाएं भगवान आदिनाथ की प्रतिमा के समक्ष नाचते-गाते और जयघोष करते हुए आगे बढ़ रही थीं। जैन मंदिर से शुरू होकर यह शोभायात्रा नगर भ्रमण के बाद पुनः मंदिर परिसर पहुंची। मार्ग में रानी सती मन्दिर समिति समाज, एस.एस. ज्वेलर्स, पप्पू राजगढ़िया सहित अनेक स्थानीय लोगों ने श्रद्धालुओं का जगह-जगह भव्य स्वागत किया। नगर भ्रमण के उपरांत सभी श्रद्धालुओं ने राजस्थानी समाज भवन में वात्सल्य भोजन ग्रहण किया। संध्याकाल में राजस्थानी समाज भवन में जैन समाज की महिलाओं और बच्चों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम के अंत में सभी जैन बंधुओं ने एक-दूसरे से विगत वर्ष में हुई भूल-चूक के लिए हाथ जोड़कर क्षमा याचना की और मैत्री भाव का संदेश दिया। पूरे आयोजन को सफल बनाने में अनिल कुमार जैन, जय कुमार जैन, प्रदीप सेठी, प्रदीप पटौदी, रिंकू, प्रदीप, स्वरूप पहाड़िया, कमल पहाड़िया, आनंद काला, अमर सेठी, जीनू, लक्की काला, जोनी पहाड़िया, विवेक पटौदी और शुभम पटौदी सहित कई समाजसेवियों का विशेष योगदान रहा।