जयंती पर याद किए गए गोपाल चंद्र मुंशी
राजगंज: स्वतंत्रता सेनानी एवं समाजसेवी स्वर्गीय गोपाल चंद्र मुंशी की जयंती के अवसर पर रविवार को राजगंज इंटर कॉलेज परिसर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। लोगों ने दिवंगत की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया गया। कॉलेज की छात्राओं ने स्वागत गीत एवं गणेश वंदना प्रस्तुत की।
वक्ताओं ने स्वर्गीय गोपाल चंद्र मुंशी के द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए गए महत्वपूर्ण योगदान को याद करते हुए उनके कार्यों की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि गोपाल बाबू के प्रयासों से ही राजगंज में हाई स्कूल एवं इंटर कॉलेज की स्थापना संभव हुई। शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान से आज भी क्षेत्र के लोग प्रेरणा लेते हैं।
मौके पर राजगंज थाना प्रभारी संजीव कुमार झा, आजसू नेता गिरधारी महतो, जिला परिषद सदस्य वाणी देवी, हलधर महतो, प्राचार्य आनंद कुमार सहित राजगंज इंटर कॉलेज के बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं शिक्षकेतर कर्मचारी उपस्थित थे।