कतरास में 55 वर्षीय वृद्ध की हत्या से सनसनी,
लिलोरी मंदिर के पुरोहित थे मृत मुन्ना
जांच में जुटी पुलिस, फिंगर प्रिंट टीम के आने के इंतजार में पुलिस
डीजे न्यूज, कतरास (धनबाद):
कतरास थाना क्षेत्र के तेलियाबांध, भगत सिंह चौक के समीप स्थित आमटांड बस्ती में 55 वर्षीय मुन्ना पाण्डेय की हत्या कर दी गई। मृतक लिलोरी मंदिर में पुरोहित का कार्य करने वाले मृतक आमटांड़ स्थित अपने आवास में अकेले ही रहते थे। गुरुवार को उनका शव घर के अंदर से बरामद हुआ। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना पाकर बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार विमल और कतरास पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुँचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस के अनुसार, मुन्ना पाण्डेय को अंतिम बार एक दिन पहले शाम के वक्त देखा गया था। प्रथमदृष्टया यह मामला पूरी तरह से हत्या का प्रतीत हो रहा है, जिसमें अपराधियों ने सुनियोजित तरीके से पहले गला घोंटा और फिर शरीर पर चाकू से वार कर इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया।
फिलहाल पुलिस घटनास्थल पर फिंगर प्रिंट व अन्य जांच टीम के आने का इंतजार कर रही है, ताकि मामले की हर पहलू से गहनता से छानबीन की जा सके । पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस घटना के पीछे किसी पुरानी रंजिश, आपसी दुश्मनी या लूटपाट जैसी कोई अन्य वजह तो नहीं है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं ताकि जल्द से जल्द अपराधियों का सुराग मिल सके और उन्हें कानून के कटघरे में खड़ा किया जा सके।
मृतक की पत्नी व बच्चे परिवारिक विवाद के कारण कई वर्ष पूर्व से ही उनके साथ नहीं रहते थे। मृतक के दो पुत्र व दो पुत्री है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस जांच टीम का इंतजार कर रही है।