भ्रूण जांच के बाद गर्भपात के दौरान महिला की मौत, कार्रवाई की मांग पर जमकर हंगामा

भ्रूण जांच के बाद गर्भपात के दौरान महिला की मौत, कार्रवाई की मांग पर जमकर हंगामा

दो हिरासत में, मृतका के पिता ने थाना में दी शिकायत

कतरास थाना क्षेत्र के सेंट्रल डायग्नोस्टिक का मामला

डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद):  कतरास थाना अंतर्गत श्यामडीह मोड़ के समीप स्थित सेंट्रल डायग्नोस्टिक में अवैध रूप से गर्भपात के दौरान हुई महिला की मौत के बाद गुरुवार को  जमकर बवाल मचा। घटना की खबर पाकर बोकारो निवासी 26 वर्षीय मृतका किरण कुमारी के मायके वाले अस्पताल पहुंचे और जमकर हंगामा किया। वे अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और मुआवजे की मांग कर रहे थे।
परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए यह कहा कि यहां लाये जाने के बाद उसका इलाज नहीं किया गया।
सूचना पाकर बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार विमल, कतरास थानेदार प्रवीण कुमार अपने सहयोगियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने डायग्नोस्टिक संचालक पवन केवट तथा मृतका के पति सोनू कुमार केवट को गिरफ्तार कर लिया है।
एसडीपीओ ने मृतका के परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर समझाने का प्रयास किया। फिलहाल मृतका के परिजन अस्पताल परिसर में डटे हुए हैं।

मृतका के पिता ने दी शिकायत

मृत किरण के पिता राजेंद्र केवट ने कतरास थाना में लिखित शिकायत देकर मामले की जांच कराने‌ तथा कार्रवाई की मांग की है। राजेंद्र केवट ने शिकायत में कहा है कि पुत्री किरण कुमारी के इलाज की प्रक्रिया श्यामडीह चौक के समीप संचालित सेंट्रल डायग्नोस्टिक सेंटर में चल रहा था। सेंटर का संचालन सचिन कुमार केवट उर्फ पवन कुमार केवट द्वारा किए जाने का उल्लेख आवेदन में किया गया है। किरण के पति सोनू केवट बोकारो जिला के पेटरबाद, चलकरी से उसे यहां लेकर आए थे। उसके पिता ने आरोप लगाया है कि गर्भपात के दौरान कथित तौर पर गैरकानूनी तरीके से प्रक्रिया की गई। इसके कारण किरण की हालत गंभीर हो गई और अत्यधिक रक्तस्राव होने से उसकी मौत हो गई। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि गंभीर स्थिति में किरण को संबंधित सेंटर के पास ही संजीवनी में भर्ती कराया गया, जहां वह मृत अवस्था में पाई गई। उसके पिता ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित लोगों की भूमिका की पड़ताल करने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

सिविल सर्जन और एसडीएम ने की जांच

शाम को प्रभारी सिविल सर्जन डॉक्टर संजीव कुमार प्रसाद और एसडीएम लोकेश बारंगे संजीवनी अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने मृतक के परिजनो से बातचीत कर दोषियों पर कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शांत हुए। कतरास पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया है।

एसडीपीओ अजीत कुमार विमल ने बताया कि
डायग्नोस्टिक सेंटर के संचालक और मृतका के पति को गिरफ्तार किया है। एसएफएल रांची की टीम डायग्नोस्टिक सेंटर की जांच करेगी। सिविल सर्जन को भी पत्राचार किया है। मेडिकल टीम गठित कर मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top