बलियापुर की खबरें:-
जन्माष्टमी का त्योहार हर्षोल्लास के साथ संपन्न
बलियापुर: बलियापुर क्षेत्र में जन्माष्टमी का त्यौहार शुक्रवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विभिन्न मंदिरों में पूजा अर्चना हेतु श्रद्धालुओं का आना-जाना दिनभर लगा रहा। भाजपा नेत्री तारा देवी, डॉक्टर निशि महतो आदि ने पहाड़पुर शिव मंदिर में पूजा अर्चना की। वहीं बलियापुर स्थित राधा कृष्ण मंदिर में पूजा अर्चना हेतु श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। पूजनोत्सव को लेकर राधा कृष्ण मंदिर प्रांगण को आकर्षक लाइटों से सजाया गया था। शाम को भजन कीर्तन का आयोजन किया गया। प्रसाद वितरण के दौरान काफी संख्या में श्रद्धालु जुटे। सफल बनाने में मंदिर कमेटी से जुड़े लोगों का योगदान रहा ।
————————————————
दो दिनों से अंधेरे में रहने को विवश हैं भिखराजपुर के ग्रामीण
बलियापुर: विद्युत ट्रांसफार्मर खराब होने से भिखराजपुर में दो दिनों से अंधेरा छाया हुआ है। शुक्रवार को ग्रामीण विधायक चंद्रदेव महतो से मिलकर ट्रांसफॉमर खराब होने की शिकायत की। विधायक ने विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर गांव में अविलंब नए ट्रांसफार्मर लगाने को कहा। मौके पर एजाज अहमद, मो अजीमुद्दीन, मो आमिर, मो अकबर मसूद आलम, मो वाजिद, मो हसनैन, मो इमामुद्दीन, राशिद खान आदि थे।
—————————————————
रैयती जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की गुहार
बलियापुर: रैयती जमीन को अतिक्रमण कर
बाउंड्री वॉल बनाने, टाउनशिप का गंदा पानी बहाने और रैयतों को आवागमन नहीं करने देने का मामला प्रकाश में आया है। इस बाबत धोखरा के जोभीटांड़ बस्ती के ग्रामीणों ने उपायुक्त को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। गांव के यदुनंदन महतो, शिवनंदन महतो, दीनबंधु महतो, कालेश्वर महतो, लालमोहन महतो, मदन कुमार महतो, तिलकधारी महतो आदि ने कहा है कि उन लोगों की जमीन बेलगड़िया मौजा से सटा हुआ है। ठेकेदार द्वारा उक्त जमीन को अतिक्रमण कर बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जा रहा है। इसके विरुद्ध बोलने पर ठेकेदार द्वारा धमकी दी जा रही है। वहीं बाउंड्री वॉल बनने से रैयत को अपनी जमीन तक आने जाने के लिए रास्ता बंद हो गया है। टाउनशिप का गंदा पानी रैयतों की जमीन पर बह कर घुसने से खेती योग्य जमीन बर्बाद हो रहा है। यह काम जरेडा द्वारा कराया जा रहा है।
————————————————
सामाजिक कार्यकर्ता का निधन
बलियापुर: पलानी गांव के सामाजिक कार्यकर्ता 73 वर्षीय जेठू महतो का शुक्रवार को निधन हो गया। वह कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। उन्हें इलाज हेतु रिम्स रांची में भर्ती करवाया गया था जहां निधन हो गया। उनके निधन से विधायक चंद्रदेव महतो, झामुमो नेता जग्गू महतो, लक्ष्मी नारायण महतो, सुभाष सिंह चौधरी आदि ने गहरा शोक व्यक्त किया है ।
——————————————–
मारपीट कर युवक को किया जख्मी
बलियापुर: बेलगड़िया कॉलोनी स्थित फेस 3 के रहने वाले मुकेश पांडे को कुछ युवकों ने मारपीट कर जख्मी कर दिया। घटना गुरुवार रात की बताई जाती है। जख्मी ने थाना में लिखित शिकायत की है। शिकायत में कहा है कि रात घर के बाहर कुछ युवकों द्वारा उनके पुत्र अमरदीप पांडे के साथ मारपीट कर रहा था। जब वह वहां पहुंचा और समझाने का प्रयास किया तो उन युवकों ने उन्हें भी मारपीट कर घायल कर दिया। उनके माथे में गंभीर चोटें बताई जाती है। उसने अपना इलाज स्थानीय स्तर पर करवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है