बगोदर में हाथियों का आतंक, होटल समेत फसलें बर्बाद
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह जिले के बगोदर वन क्षेत्र में हाथियों के झुंड ने कहर बरपा रखा है. भोजन की तलाश में निकले हाथियों का झुंड पिछले कई दिनों से रात के अंधेरे में गांवों में घुसकर फसलों को तहस-नहस कर रहा है. बुधवार की रात हाथियों ने जीटी रोड स्थित लक्षीबागी के कुशवाहा हिंदू होटल को पूरी तरह तोड़कर बर्बाद कर दिया. यह होटल रमेश मेहता का है. स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले 4 दिनों में हाथियों ने इस होटल को तीसरी बार तोड़ा है. होटल के बाद हाथियों ने आसपास के किसानों के मक्का, सब्जी और गन्ने की फसलों को भी रौंद डाला. गन्ने के खेत तो पूरी तरह चट कर दिए गए। हाथियों के इस हमले से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है. ग्रामीणों का आरोप है कि हाथियों को खदेड़ने में वन विभाग पूरी तरह नाकाम साबित हो रहा है. बार-बार सूचना देने के बावजूद वनकर्मी समय पर नहीं पहुंच पा रहे हैं. इससे ग्रामीणों में आक्रोश है. लोगों ने वन विभाग से हाथियों को जंगल की ओर भगाने और प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की मांग की है.