राजीव गांधी की जयंती पर बच्चों को मिला राष्ट्र निर्माण और सद्भावना का संदेश

राजीव गांधी की जयंती पर बच्चों को मिला राष्ट्र निर्माण और सद्भावना का संदेश

डीजे न्यूज,पलामू : राजकीयकृत मध्य विद्यालय, हुसैनाबाद में पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्व. राजीव गांधी की जयंती पर गुरुवार को विद्यालय परिसर में सद्भावना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया तथा राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की नियमित मॉर्निंग असेम्बली से हुई। प्रार्थना, राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान, संविधान की प्रस्तावना और विद्यालय पट्ट पर अंकित सामान्य ज्ञान की पुनरावृत्ति के बाद जेसीईआरटी द्वारा प्रेषित न्यूज एवं क्विज कंटेंट का वाचन भाषायी शिक्षिका सुषमा पांडेय ने किया।

इसके बाद उन्होंने विद्यार्थियों को राजीव गांधी के जीवन, व्यक्तित्व और देश के विकास में उनके योगदान से परिचित कराया। उन्होंने बताया कि 40 वर्ष की उम्र में प्रधानमंत्री बनने वाले राजीव गांधी ने आधुनिक, प्रगतिशील और तकनीकी रूप से सशक्त भारत की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की। सूचना प्रौद्योगिकी एवं दूरसंचार क्रांति, पंचायतीराज एवं स्थानीय स्वशासन को मजबूती, शिक्षा के क्षेत्र में पहल, महिला सशक्तिकरण तथा 18 वर्ष के युवाओं को मताधिकार जैसे कदमों को उनके कार्यकाल की महत्वपूर्ण उपलब्धियों के रूप में बताया गया।

सुषमा पांडेय ने कहा कि आज मोबाइल, कंप्यूटर, डिजिटल तकनीक और दूरसंचार देश के ग्रामीण एवं शहरी जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुके हैं। तकनीकी और आधुनिक भारत की मजबूत नींव तैयार करने में राजीव गांधी की दूरदर्शी सोच का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने विद्यार्थियों से राजीव गांधी के आदर्शों को अपनाते हुए राष्ट्रीय एकता, शांति, प्रेम और सांप्रदायिक सद्भाव की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी यदि शिक्षा, तकनीक, सद्भावना और राष्ट्रहित के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाए तो विकसित एवं सशक्त भारत के निर्माण का सपना साकार किया जा सकता है।

श्रद्धांजलि सभा में प्रधानाध्यापक कन्हैया प्रसाद, वरीय सहायक अध्यापक राजेश कुमार सिन्हा तथा शिक्षिकाएं सुषमा पांडेय, आशा कुमारी, पूनम कुमारी एवं रश्मि प्रकाश उपस्थित रहीं। विद्यालय परिवार ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके योगदान को श्रद्धापूर्वक याद किया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top