धनबाद जंक्शन पर 40 किलो गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार ओडिशा से लाकर यूपी ले जाने की थी तैयारी

धनबाद जंक्शन पर 40 किलो गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

ओडिशा से लाकर यूपी ले जाने की थी तैयारी

डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद जंक्शन पर नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ आरपीएफ को बड़ी सफलता मिली है। प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर मंगलवार को जांच के दौरान आरपीएफ ने दो ट्रॉली और तीन पिट्ठू बैग से करीब 40 किलो गांजा बरामद किया है। इस मामले में दो संदिग्ध तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में दोनों के ओडिशा से गांजा लेकर धनबाद पहुंचने और यहां से उत्तर प्रदेश जाने की तैयारी में होने की बात सामने आई है।

तस्वीरें धनबाद जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 की हैं, जहां आरपीएफ के जवान नियमित चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान जवानों को दो ट्रॉली और तीन पिट्ठू बैग पर संदेह हुआ। सामान की तलाशी लेने पर भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद हुआ। जांच में नशीला पदार्थ गांजा होने की पुष्टि हुई।

इसके बाद आरपीएफ ने तत्काल कंट्रोल रूम और राजकीय रेल पुलिस को सूचना दी। मौके पर आरपीएफ, सीआइबी और राजकीय पुलिस की टीम पहुंची और दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

बताया जा रहा है कि बरामद गांजे की कुल मात्रा करीब 40 किलो है। जिला मजिस्ट्रेट राम प्रवेश सिंह की मौजूदगी में बरामद नशीले पदार्थ को जब्त कर नियमानुसार सील किया गया।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपी ओडिशा से गांजे की खेप लेकर अहले सुबह धनबाद पहुंचे थे। इसके बाद उन्हें उत्तर प्रदेश जाना था। हालांकि, धनबाद जंक्शन पर जांच के दौरान दोनों आरपीएफ के हत्थे चढ़ गए।

दोनों आरोपियों के बिहार निवासी होने की बात भी सामने आ रही है। फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां पहुंचाई जानी थी और इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

करीब 40 किलो गांजे की बरामदगी को धनबाद जंक्शन पर नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। अब जांच एजेंसियां गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश में जुटी हैं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top