छाताबाद भू धंसान: प्रभावित ग्रामीणों ने आउटसोर्सिंग कंपनी का काम किया ठप
पार्षदों ने आंदोलन को दिया समर्थन
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद-आकाशकिनारी फुटबॉल ग्राउंड के समीप हुए भू-धंसान और बीसीसीएल तथा जिला प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम न उठाए जाने से नाराज ग्रामीणों ने बीसीसीएल एरिया-3 की एसटीजी-डेको आउटसोर्सिंग परियोजना का काम अनिश्चितकाल के लिए बंद करा दिया है।
प्रभावित परिवार पुनर्वास और रोजगार की मांग कर रहे हैं। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे पार्षद मोहम्मद शहाबुद्दीन और छाताबाद के सदर ने स्पष्ट कहा कि जब तक प्रभावित परिवारों को सुरक्षित आशियाना और मुआवजा नहीं मिलता, तब तक लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रहेगा और कंपनी का काम ठप रहेगा। उन्होंने बीसीसीएल प्रबंधन पर वार्ता के लिए आगे न आने का भी आरोप लगाया।
आंदोलन को मजबूती देते हुए पार्षद डॉ. मधुबाला, पार्षद छोटू सिंह, पार्षद निरुपमा देवी और पार्षद रामेश्वर तुरी ने धरना स्थल पहुंचकर ग्रामीणों की मांगों का पूर्ण समर्थन किया। पार्षदों ने बीसीसीएल, आउटसोर्सिंग कंपनी और प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि इतनी बड़ी घटना के बाद भी प्रभावितों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने प्रबंधन से जिम्मेदारी तय करने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पुनर्वास व राहत कार्य शुरू नहीं हुए, तो आंदोलन को और अधिक उग्र किया जाएगा। धरना प्रदर्शन में सैकड़ों की संख्या में स्थानीय महिला और पुरुष ग्रामीण शामिल हैं।