डोमनपुर में तेज रफ्तार बाइक दुर्घटनाग्रस्त, युवक-युवती घायल
डीजे न्यूज, राजगंज(धनबाद): राजगंज थाना क्षेत्र के डोमनपुर में रविवार को तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक और युवती घायल हो गए। दुर्घटना में युवती को गंभीर चोटें आई हैं।
बाइक धनबाद की ओर से राजगंज की तरफ आ रही थी। घटना के वक्त युवती बाइक चला रही थी। डोमनपुर के समीप अचानक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल राजगंज स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद युवती की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर राजगंज पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।