दलुडीह की टीम ने बरटांड़ को किया पराजित
डीजे न्यूज, राजगंज(धनबाद): महेशपुर फुटबॉल मैदान में शुक्रवार को शिव शक्ति क्लब द्वारा आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला खेला गया। रोमांच से भरपूर इस मैच में दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। निर्धारित समय तक कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं हो सकी। इसके बाद मुकाबले का फैसला पेनाल्टी शूटआउट के जरिए हुआ।
पेनाल्टी शूटआउट में मासूम क्लब दलुडीह ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए शिव शक्ति क्लब बरटांड़ को पराजित कर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया। वहीं शिव शक्ति क्लब बरटांड़ को उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा।
फाइनल मैच के मुख्य अतिथि महेशपुर पंचायत के मुखिया मनोज कुमार महतो ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और खेल भावना बनाए रखते हुए प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की। उन्होंने विजेता टीम को 10 हजार रुपये तथा उपविजेता टीम को 5 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया।
मैच का संचालन रेफरी दीपक कुम्हार और अजय मरांडी ने किया। फाइनल मुकाबले को देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मैदान पहुंचे। दर्शकों के उत्साह और खिलाड़ियों के जोश से पूरा मैदान खेलमय माहौल में डूबा रहा।
आयोजक शिव शक्ति क्लब के सदस्यों ने सफल आयोजन के लिए खिलाड़ियों, अतिथियों और दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे खेल आयोजनों को जारी रखने की बात कही।