श्रावणी मेले में मिलावट पर सख्ती, खाद्य सुरक्षा विभाग ने अखाद्य हल्दी और चाट कराई नष्ट
डीजे न्यूज, देवघर : राजकीय श्रावणी मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम लगातार सघन निरीक्षण अभियान चला रही है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देश पर कोठिया बस पड़ाव क्षेत्र के अस्थायी एवं स्थायी होटल, रेस्टोरेंट, भोजनालय और खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान रवि जनरल स्टोर, संजय किराना स्टोर, बिहारी भोजनालय समेत अन्य प्रतिष्ठानों में लगभग छह किलोग्राम अखाद्य रंग मिश्रित हल्दी पाउडर पाया गया, जिसे खाद्य सुरक्षा विभाग की मौजूदगी में तत्काल नष्ट करा दिया गया।
वहीं कैलाश चाट भंडार, विक्की चाट स्टॉल और पप्पन चाट भंडार में करीब पांच किलोग्राम चाट में अखाद्य रंग (मेटानिल येलो) की मिलावट मिलने पर उसे भी मौके पर ही नष्ट कराया गया। इसके अलावा सुधीर होटल, शिवम मिष्ठान भंडार, श्री गणेश भोजनालय, बाबा बैद्यनाथ होटल, लक्ष्मी भोजनालय, सुमित भोजनालय और टूरिस्ट राधा स्वामी भोजनालय का भी औचक निरीक्षण कर संचालकों को खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक किया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि मिलावटी, असुरक्षित या एक्सपायरी खाद्य पदार्थों की बिक्री करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही सभी खाद्य प्रतिष्ठानों को मेला क्षेत्र में तंबाकू एवं तंबाकू उत्पादों के भंडारण और बिक्री पर रोक का पालन करने की चेतावनी दी गई है। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कोटपा-2003 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि 8 अगस्त को कोठिया मोड़ क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा लाइसेंस एवं रजिस्ट्रेशन जारी करने के लिए एक दिवसीय विशेष शिविर लगाया जाएगा। श्रावणी मेला अवधि के दौरान होटलों, ढाबों, रेस्टोरेंट, मिठाई दुकानों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच आगे भी जारी रहेगी, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जा सके।