झरिया में निरंतर होगी पेयजल आपूर्ति, लापरवाही बर्दाश्त नहीं : संजीव सिंह झमाडा जल संयंत्र का निरीक्षण कर मेयर ने की समीक्षा बैठक, सीएलएफ सफाई के लिए तत्काल विशेष टीम लगाने का निर्देश

झरिया में निरंतर होगी पेयजल आपूर्ति, लापरवाही बर्दाश्त नहीं : संजीव सिंह

झमाडा जल संयंत्र का निरीक्षण कर मेयर ने की समीक्षा बैठक, सीएलएफ सफाई के लिए तत्काल विशेष टीम लगाने का निर्देश

डीजे न्यूज, धनबाद: झरिया में लंबे समय से प्रभावित पेयजल आपूर्ति को लेकर धनबाद के मेयर संजीव सिंह ने सख्त रुख अपनाया है। मेयर ने झमाडा जल संयंत्र का निरीक्षण करने के साथ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में जलापूर्ति व्यवस्था में आ रही तकनीकी बाधाओं, लंबित कार्यों एवं व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत समीक्षा की गई।

मेयर संजीव सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि झरिया की जनता को जल्द से जल्द नियमित और निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने सीएलएफ की सफाई के लिए तत्काल विशेष टीम लगाने तथा फुटवॉल्व को प्राथमिकता के आधार पर असेंबल कर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।

मेयर ने कहा, “झरिया की जनता को पानी के लिए परेशान होना पड़े, यह स्वीकार्य नहीं है। पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ युद्धस्तर पर काम करें और जनता को शीघ्र राहत पहुंचाएं।”

उन्होंने अधिकारियों को विशेष रूप से निर्देश दिया कि इंटेकवेल किसी भी परिस्थिति में खराब नहीं होना चाहिए। मेयर ने कहा कि जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए सभी आवश्यक तकनीकी तैयारियां पहले से सुनिश्चित की जाएं, ताकि भविष्य में किसी तकनीकी खराबी के कारण बड़े क्षेत्र में पेयजल संकट उत्पन्न न हो।

बैठक में झमाडा के एमडी प्रेम कुमार तिवारी ने मेयर को जानकारी दी कि लगातार हो रही बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ने से कुछ तकनीकी कठिनाइयां उत्पन्न हुई हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार तक फुटवॉल्व को असेंबल कर लिया जाएगा और रविवार से झरिया में निरंतर पेयजल आपूर्ति शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। एमडी ने यह भी आश्वस्त किया कि कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए आवश्यक कदम तेजी से उठाए जा रहे हैं।

स्थायी समाधान पर भी जोर

मेयर संजीव सिंह ने कहा कि तत्काल पेयजल आपूर्ति बहाल करना जरूरी है, लेकिन इसके साथ ही झरिया की जलापूर्ति व्यवस्था का स्थायी समाधान भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से तकनीकी खामियों को चिन्हित कर उनके स्थायी निराकरण की दिशा में कार्य करने को कहा।

उन्होंने कहा, “हम केवल तात्कालिक व्यवस्था बनाकर अपनी जिम्मेदारी पूरी नहीं मानेंगे। झरिया की पेयजल व्यवस्था को स्थायी रूप से मजबूत करना होगा, ताकि आने वाले समय में लोगों को बार-बार पानी की समस्या का सामना न करना पड़े।”

बैठक में जलापूर्ति व्यवस्था से जुड़े विभिन्न तकनीकी एवं प्रशासनिक बिंदुओं पर चर्चा हुई तथा संबंधित अधिकारियों को कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में झमाडा एमडी प्रेम कुमार तिवारी, सचिव प्रकाश रजक, तकनीकी प्रमुख मयंक भगत, एसडीओ सचिन झा, एसडीओ झरिया कृपा शंकर, पीएमसी के एल.डी. त्रिपाठी, कल्पतरु कंपनी के सुशील कुमार तथा विधायक प्रतिनिधि (झमाडा) राजकिशोर जेना सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top