नगर निगम की स्टैंडिंग कमेटी बैठक में विकास कार्यों पर मंथन
शहर को बेहतर बनाने की कार्ययोजना पर चर्चा
डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद नगर निगम कार्यालय में स्टैंडिंग कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता धनबाद के मेयर संजीव सिंह ने की। बैठक में धनबाद शहर के समग्र एवं संतुलित विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में शहर की मूलभूत नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाने, स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने तथा विकास कार्यों को गति देने को लेकर व्यापक विचार-विमर्श किया गया। साथ ही आगामी कार्ययोजना के तहत शहर में किए जाने वाले विभिन्न विकास कार्यों की प्राथमिकताओं पर भी चर्चा हुई।
मेयर संजीव सिंह ने कहा कि धनबाद को एक स्वच्छ, स्वस्थ, विकसित और सुविधासंपन्न शहर बनाना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। विकास योजनाओं का लाभ शहर के प्रत्येक वार्ड और प्रत्येक नागरिक तक पहुंचे, इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा, “नगर निगम का उद्देश्य केवल विकास कार्य कराना नहीं, बल्कि धनबाद के नागरिकों को बेहतर जीवन सुविधाएं उपलब्ध कराना है। सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था समेत सभी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में प्राथमिकता के साथ काम किया जाएगा।”
बैठक में महापौर ने विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर देते हुए कहा कि जनता के हित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने की आवश्यकता बताई।
स्टैंडिंग कमेटी के सदस्यों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित समस्याओं एवं विकास कार्यों को बैठक में रखा। पार्षदों द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए उनके समाधान एवं आवश्यक कार्रवाई को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
महापौर ने कहा कि सभी वार्डों में विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। “जनता की सुविधा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और धनबाद को बेहतर शहर बनाने के लिए नगर निगम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
बैठक में उप महापौर अरुण चौहान समेत धनबाद नगर निगम के सभी पार्षदगण उपस्थित रहे। बैठक में अधिकारियों एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया।