गांडेय में पेड़ से तोड़ने के दौरान सिर पर गिरा कटहल, गई जान
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गांडेय थाना क्षेत्र के मोहनडीह गांव में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 50 वर्षीय हरि वर्मा की मौत हो गई। इस अचानक हुई घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार हरि वर्मा अपने पुराने घर मोहनडीह आए हुए थे। ताराटांड़ स्थित अपने नए घर लौटने से पहले वे अपने ही आंगन में लगे पेड़ से कटहल तोड़ रहे थे। इसी दौरान अचानक पेड़ से एक बड़ा कटहल सीधा उनके सिर पर आ गिरा। कटहल की चोट से वे गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
अस्पताल ले जाते समय हुई मौत
घटना के बाद ग्रामीणों ने आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गांडेय पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल गिरिडीह रेफर कर दिया।
सदर अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम का माहौल है।